31 साल पुराने मामले में सांसद पप्पू यादव गिरफ्तार, कार्रवाई पर उठाए सवाल

News Saga Desk

पटना: पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को 31 वर्ष पुराने एक मामले में पटना पुलिस ने शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। मंदिरी स्थित उनके आवास पर गिरफ्तारी से पहले करीब ढाई घंटे तक पुलिस और समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक और तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट कर बिहार पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि वे NEET छात्रा को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ रहे थे और इसी कारण उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि वे किसी भी दबाव में न झुकेंगे और अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।

दरअसल, पप्पू यादव हाल ही में पटना में हुई NEET छात्रा की मौत के मामले को लेकर लगातार सवाल उठा रहे थे। उन्होंने हॉस्टल प्रबंधन, अस्पताल व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल खड़े किए थे। साथ ही वे जहानाबाद जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय की मांग कर चुके थे।

पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी गर्दनीबाग थाना कांड संख्या 552/95 से संबंधित है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उनका मकान धोखाधड़ी से किराए पर लेकर उसे पप्पू यादव के कार्यालय के रूप में उपयोग किया गया। मामले में लंबे समय से अदालती प्रक्रिया चल रही थी और एमपी-एमएलए कोर्ट द्वारा संपत्ति कुर्की का आदेश भी जारी किया गया था।

पटना सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि कोर्ट में निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं होने के कारण सांसद के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। इसी के आधार पर आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई।

Read More News

रांची में आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने की तैयारी, 2000 क्षमता का शेल्टर होम और अस्पताल बनेगा

रांची: शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को देखते हुए रांची नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। निगम...

Read More