रांची की नेहा टोप्पो पांच दिनों से लापता, तलाश में जुटी पुलिस,सूचना देने पर 21 हजार का इनाम

News Saga Desk

रांची: डोरंडा थाना क्षेत्र के डिबडीह गिरिजाटोली निवासी 11 वर्षीय नेहा कुमारी टोप्पो पिछले पांच दिनों से लापता है। बच्ची का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने उसके बारे में जानकारी देने वाले के लिए 21,000 रुपये के इनाम की घोषणा की है। इस संबंध में पुलिस की ओर से इश्तेहार भी जारी किया गया है।

नेहा अपने मौसा सुनील तिग्गा और मौसी इनिशबा लकड़ा के साथ गिरिजाटोली में रहती थी और डिबडीह राजकीय मध्य विद्यालय में कक्षा दो की छात्रा है। बताया गया कि 4 फरवरी को सुबह करीब 11 बजे वह घर के पास खेलने के लिए निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी।

नेहा का परिवार मूल रूप से गोड्डा जिले का रहने वाला है

नेहा का परिवार मूल रूप से गोड्डा जिले के हनवारा थाना क्षेत्र के जेठरीडीह गांव का निवासी है। उसके पिता सीताराम टोप्पो हरियाणा में मजदूरी करते हैं, जबकि मां और अन्य परिजन पैतृक गांव में रहते हैं। घटना के दिन ही परिजनों ने शाम में डोरंडा थाना में सनहा दर्ज कराया था। नेहा की मौसी अटल क्लिनिक में कार्यरत हैं, जबकि मौसा झारखंड पुलिस में सिपाही हैं।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद भी नहीं मिला सुराग

शनिवार को मौसा और मौसी स्मार्ट सिटी स्थित कमांड सेंटर पहुंचे, जहां घटना के दिन के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। राजधानी में लगे कैमरों की निगरानी यहीं से होती है, लेकिन वहां से भी कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।

जेएससीए स्टेडियम के पास देखे जाने की सूचना

परिजनों को सूचना मिली थी कि नेहा को जेएससीए स्टेडियम के पास फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले एक व्यक्ति ने देखा था। इस सूचना के आधार पर वहां भी तलाश की गई, लेकिन कोई पुख्ता सुराग नहीं मिला।

डोरंडा पुलिस का कहना है कि रविवार शाम तक बच्ची के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। परिजन और पुलिस संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन कर रहे हैं और लोगों से बच्ची के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत सूचना देने की अपील की गई है।

Read More News

रांची में आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने की तैयारी, 2000 क्षमता का शेल्टर होम और अस्पताल बनेगा

रांची: शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को देखते हुए रांची नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। निगम...

Read More