News Saga Desk
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों को दुर्भावनापूर्ण और निराधार बताते हुए उनके खिलाफ 500 करोड़ रुपये का मानहानि मुकदमा दायर किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना किसी सबूत के लगाए गए गंभीर आरोपों से उनकी व्यक्तिगत और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचा है।
4 फरवरी को आयोजित एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने दावा किया था कि पार्टी की जांच में यह सामने आया है कि मुख्यमंत्री और उनके परिवार ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में लगभग 12,000 बीघा जमीन पर कब्जा कर रखा है।
मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने कांग्रेस नेता जितेंद्र सिंह, भूपेश बघेल और गौरव गोगोई के खिलाफ यह मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इन नेताओं ने उनके खिलाफ झूठे और दुर्भावनापूर्ण बयान दिए।
सीएम सरमा ने इन बयानों के लिए 500 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीतिक मतभेद अलग बात है, लेकिन बिना प्रमाण के झूठे आरोप लगाना स्वीकार्य नहीं है।
इससे पहले गौरव गोगोई ने मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री पर एक वीडियो के माध्यम से मुसलमानों के खिलाफ हिंसा भड़काने का आरोप भी लगाया था। मुख्यमंत्री ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वे इस मामले में कानूनी करवाई करेंगे।
No Comment! Be the first one.