News Saga Desk
धनबाद: देश के सबसे अधिक राजस्व देने वाले रेल मंडलों में शामिल पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद रेल मंडल में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई की विशेष टीम ने डीआरएम कार्यालय में छापेमारी कर वरीय मंडल विद्युत अभियंता संजीव कुमार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद रेलवे कार्यालय में हड़कंप मच गया। सीबीआई टीम अभियंता को हिरासत में लेकर अपने साथ चली गई और देर रात तक उनके कार्यालय तथा आवास पर तलाशी अभियान जारी रहा।
संवेदक की शिकायत पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई एक रेल संवेदक की शिकायत के आधार पर की गई। बताया जा रहा है कि संवेदक अवजीत झा ने रेलवे में विद्युत सामग्री की आपूर्ति और इंस्टॉलेशन का कार्य किया था, जिसका कुल बिल करीब 45 लाख रुपये था। आरोप है कि बिल के भुगतान के लिए वरीय मंडल विद्युत अभियंता संजीव कुमार द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। बार-बार पैसे की मांग से परेशान होकर संवेदक ने इसकी शिकायत सीधे सीबीआई से की।
सत्यापन के बाद बिछाया गया ट्रैप
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई टीम ने पहले पूरे मामले का सत्यापन किया। आरोप सही पाए जाने पर अधिकारियों ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया। तय योजना के तहत जब संवेदक शुक्रवार को घूस की रकम लेकर अभियंता के पास पहुंचे, तभी सीबीआई की टीम ने डीआरएम कार्यालय में छापा मार दिया। कार्रवाई इतनी तेज थी कि कार्यालय में मौजूद लोग समझ ही नहीं पाए कि क्या हो रहा है। टीम ने मौके पर ही अभियंता को 50 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया।
देर रात तक चली तलाशी
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम ने अभियंता के कार्यालय और आवास पर भी छापेमारी की। बताया जा रहा है कि रात करीब 11:30 बजे तक दस्तावेजों की जांच चलती रही। इस दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य और एक प्रिंटर जब्त किया है। माना जा रहा है कि इनकी जांच से मामले से जुड़े और भी अहम सुराग सामने आ सकते हैं।
सीबीआई करेगी आगे की जांच
कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे सीबीआई के डीएसपी विकास पाठक ने बताया कि शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे महकमे में मचा हड़कंप
धनबाद रेल मंडल देश के सबसे व्यस्त और कमाई वाले रेल मंडलों में से एक माना जाता है। ऐसे में एक वरिष्ठ अभियंता की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तारी के बाद रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया है। फिलहाल सीबीआई पूरे मामले की जांच में जुटी है और आने वाले दिनों में इस प्रकरण में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
No Comment! Be the first one.