News Saga Desk
बोकारो जिले के व्यवसायी और मां मैहर स्टील के प्रोपराइटर रितेश सिंह से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रितेश सिंह को व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए धमकियां दी गईं, जिसमें चेतावनी दी गई कि यदि रंगदारी नहीं दी गई तो उन्हें या उनके परिवार के किसी सदस्य को जान से मार दिया जाएगा। इस मामले में व्यवसायी ने बोकारो स्टील सिटी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए अपने और परिवार के लिए पुलिस सुरक्षा की मांग की है।
धमकी कुख्यात गिरोह की ओर से
जानकारी के अनुसार, यह धमकी कुख्यात अमन साहू गिरोह के सदस्यों द्वारा दी गई है। गिरोह के सदस्य प्रकाश शुक्ला ने रितेश सिंह से व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। धमकी का पहला मैसेज रविवार दोपहर लगभग 1 बजे आया, जब रितेश सिंह दिल्ली से रांची के लिए उड़ान भरने वाले थे।
फोन पर धमकी: “झारखंड में तुम्हारा बहुत काम चलता है”
रितेश सिंह ने मीडिया को बताया कि फोन करने वाले ने कहा कि वह अपने बॉस राहुल दुबे और मयंक सिंह के निर्देश पर रंगदारी मांग रहा है। फोन करने वाले ने कहा:
“झारखंड में तुम्हारा बहुत काम चलता है। तुमने शराब और स्क्रैप के कारोबार से बहुत कमाई की है। हमें मैनेज करो, तुम्हें 5 करोड़ रुपये देने होंगे, नहीं तो तुम्हारी काली गाड़ी को लाल कर देंगे।”
परिवार को भी दी गई धमकी
कुछ देर बाद रितेश सिंह को दूसरा धमकी भरा मैसेज मिला। जिसमें लिखा था –
“तुम्हारा राउरकेला में भी काम चलता है। अब हमें सिर्फ पैसा नहीं चाहिए, हम या तो तुम्हें मारेंगे या तुम्हारे परिवार के किसी सदस्य को।”
व्यवसायी ने मांगी पुलिस सुरक्षा
धमकी मिलने के बाद रितेश सिंह ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की। उन्होंने बोकारो स्टील सिटी थाना में आवेदन देकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। व्यवसायी ने कहा कि उन्हें और उनके परिवार को गंभीर खतरा महसूस हो रहा है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने बताया कि रितेश सिंह ने लिखित शिकायत दी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। डीएसपी ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
No Comment! Be the first one.