IPL 2026: चिन्नास्वामी स्टेडियम को हरी झंडी, 28 मार्च को RCB vs SRH से होगा धमाकेदार आगाज

News Saga Desk

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मुकाबलों के लिए बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच आयोजित करने का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) को राज्य सरकार से आधिकारिक मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 28 मार्च, शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच इसी मैदान पर खेला जाएगा। BCCI ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि सरकारी अनुमति मिलने के बाद ही यहां मैच आयोजित होंगे।

गृह मंत्री की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक

इस संबंध में कर्नाटक के गृह मंत्री डॉ. जी परमेश्वर की अध्यक्षता में विधान सौधा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में KSCA, RCB और एक्सपर्ट कमिटी के प्रतिनिधि शामिल हुए।
एक्सपर्ट कमिटी ने 13 मार्च को स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी ढांचे का विस्तृत निरीक्षण किया था। बैठक के दौरान प्रस्तुत रिपोर्ट में तैयारियों को संतोषजनक बताया गया, जिसके बाद गृह मंत्री ने स्टेडियम में मैच आयोजित करने की अंतिम अनुमति दे दी।

पिछले साल भगदड़ के बाद लगी थी रोक

गौरतलब है कि IPL 2025 के फाइनल में RCB की जीत के बाद स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे थे और स्टेडियम में मैचों के आयोजन पर रोक लगा दी गई थी। जस्टिस डीकुन्हा कमिटी ने सुरक्षा सुधार के कई अहम सुझाव दिए थे। KSCA के नए अध्यक्ष और पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने निर्धारित समय सीमा से पहले सभी आवश्यक सुधार पूरे कराने का आश्वासन दिया था, जिसे पूरा कर लिया गया।

चिन्नास्वामी में होंगे RCB के पांच घरेलू मुकाबले

BCCI ने 12 मार्च को IPL 2026 के शुरुआती 16 दिनों के लिए 20 मैचों का शेड्यूल जारी किया था। इसमें स्पष्ट किया गया था कि एक्सपर्ट कमिटी की मंजूरी के बाद ही बेंगलुरु को वेन्यू के रूप में शामिल किया जाएगा।
अब मंजूरी मिलने के बाद RCB अपने सात घरेलू मैचों में से पांच मुकाबले चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी, जबकि बाकी दो मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में आयोजित होंगे।

5 अप्रैल को RCB और CSK के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला

इस सीजन में चिन्नास्वामी स्टेडियम में कई बड़े मुकाबले खेले जाएंगे। 5 अप्रैल, रविवार को RCB और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच हाई-वोल्टेज मैच होगा, जिसका फैंस को बेसब्री से इंतजार रहता है।
इसके अलावा इस मैदान को IPL 2026 के एक प्लेऑफ और फाइनल मैच की मेजबानी मिलने की भी संभावना जताई जा रही है।

रजत पाटीदार के नेतृत्व में उतरेगी RCB

RCB इस सीजन में अपने खिताब की रक्षा के इरादे से मैदान में उतरेगी। टीम की कप्तानी एक बार फिर रजत पाटीदार के हाथों में होगी।
पिछले सीजन में उनकी कप्तानी में RCB ने फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर 18 साल बाद पहली बार IPL खिताब जीता था। अब नए सीजन में टीम के प्रदर्शन पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना: रांची के 3.87 लाख महिलाओं को DBT के जरिए 2,500 रु. मिले

रांची: झारखंड सरकार की प्रमुख योजना मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की महिलाओं को...

March 7, 2026

Read More News

Read More