News Saga Desk
पटना: चैती छठ महापर्व के अवसर पर मंगलवार को यानि आज व्रती अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसको लेकर पटना सहित पूरे प्रदेश में नदी, तालाब और विभिन्न छठ घाटों पर प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं।
घाटों की साफ-सफाई का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग और अस्थायी शौचालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संभावित भीड़ को देखते हुए सभी प्रमुख घाटों पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, जलाशयों में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों को भी तैनात किया गया है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल निर्धारित घाटों का ही उपयोग करें और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करें।
गौरतलब है कि चार दिवसीय लोक आस्था के इस महापर्व में दूसरे दिन संध्या अर्घ्य और अंतिम दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चैती छठ का समापन होता है।
इसी क्रम में पटना जिला प्रशासन ने चैती छठ पूजा 2026 के मद्देनज़र आमजन की सुविधा के लिए ट्रैफिक प्लान भी जारी किया है। किसी भी आपात सूचना या सहायता के लिए 24 घंटे संचालित जिला नियंत्रण कक्ष (0612-2219810/2219234) या डायल-112 पर संपर्क किया जा सकता है।
No Comment! Be the first one.