News Saga Desk
पलामू प्रमंडल मुख्यालय मेदिनीनगर में देर रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। बस स्टैंड रोड स्थित शताब्दी मार्केट में हुए इस गोलीकांड में कुंड मोहल्ला निवासी मोहम्मद समीर उर्फ गुड्डू खलीफा की मौत हो गई। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

काउंटर पर पहुंचते ही की गई अंधाधुंध फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुस्लिम नगर निवासी फैज खान अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। जैसे ही उसकी नजर समीर पर पड़ी, उसने उस पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगते ही समीर मौके पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे उठाकर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
गंभीर रूप से घायल समीर को तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुराने हत्या मामले से जुड़ रहा है कनेक्शन
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी फैज खान पहले भी झामुमो नेता लाड़ले हसन उर्फ लड्डू खान की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। मृतक समीर उसी मामले का गवाह था। ऐसे में प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उसे गवाही देने से रोकने के उद्देश्य से निशाना बनाया गया।
दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज, छापेमारी जारी
शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि इस मामले में फैज खान समेत दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
भीड़भाड़ वाले इलाके में वारदात से सुरक्षा पर सवाल
व्यस्त बाजार क्षेत्र में इस तरह की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। देर रात हुई गोलीबारी से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अधिकारियों ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।
No Comment! Be the first one.