News Saga Desk
हजारीबाग: झारखंड में एक और ट्रेजरी घोटाले का मामला सामने आया है, इस से पहले बोकारो से 3.15 करोड़ रुपये की अवैध निकासी सामने आई थी, वहीं अब हजारीबाग से 15.41 करोड़ रुपये की अनियमित निकासी का मामला सामने आया है। जांच में पता चला कि दोनों जिलों में कर्मचारियों को उनके तय वेतन से कहीं अधिक भुगतान किया गया। वित्त विभाग ने इस गंभीर मामले को देखते हुए राज्य की सभी जिला ट्रेजरी और सब-ट्रेजरी में निकासी की व्यापक जांच कराने का निर्णय लिया है।
वित्त मंत्री ने उठाए सख्त कदम
झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने बताया कि इस मामले पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से विचार-विमर्श कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मंत्री किशोर ने कहा, “दो जिलों में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के मामले सामने आए हैं। इस तरह की वित्तीय अराजकता बर्दाश्त नहीं की जा सकती। विभागीय अधिकारियों को इस मामले में कड़े निर्देश दिए गए हैं। राज्य की सभी 33 ट्रेजरी से निकासी की जांच कराई जाएगी और यह जांच राज्य सरकार की एजेंसी करेगी।”
पुलिस विभाग में 11 वर्षों से जारी हेराफेरी
हजारीबाग में पुलिस विभाग के वेतन मद में बड़ी वित्तीय गड़बड़ी सामने आई है। प्रारंभिक जांच में 15 करोड़ रुपये से अधिक की हेराफेरी का मामला उजागर हुआ। इस मामले में पुलिस अकाउंट सेक्शन से जुड़े तीन कर्मचारियों – शंभु, धीरेंद्र और पंकज से पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, वेतन भुगतान प्रक्रिया में अनियमितताओं के संकेत मिलने पर जांच शुरू की गई। मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच सुनिश्चित करने के लिए डीसी शशि प्रकाश सिंह ने चार सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है। इसमें अपर समाहर्ता संतोष कुमार सिंह, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी निर्भय कुमार, डीटीओ बैद्यनाथ कामती और जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी मां देव प्रिया शामिल हैं।
गड़बड़ी का तरीका
- सेवानिवृत्त या गैर-मौजूद कर्मचारियों को कार्यालय पंजी के बिना भुगतान किया गया।
- कर्मचारियों के वेतन भुगतान से पहले तय वेतन की जांच नहीं की गई।
- हजारीबाग में कर्मचारियों को तय वेतन से अधिक राशि भुगतान की गई।
- सितंबर 2025 से पहले बिल क्लर्क और निकासी/व्ययन पदाधिकारी के ओटीपी एक ही मोबाइल नंबर पर भेजे जाते रहे।
सचिव ने सभी अधिकारियों को चेतावनी दी
हजारीबाग मामले के उजागर होने के बाद सचिव प्रशांत कुमार ने सभी विभाग प्रमुखों, प्रमंडलीय आयुक्तों और उपायुक्तों को पत्र लिखा। सभी एसपी, एसएसपी और कोषागार पदाधिकारियों को वेतन भुगतान और वित्तीय निकासी में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
No Comment! Be the first one.