News Saga Desk
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण कर ली है, इस मौके पर बीजेपी और जेडीयू के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। जानकारी के अनुसार, शपथ के बाद नीतीश कुमार आज ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं।
चारों सदनों के सदस्य बनने का रिकॉर्ड
लोकसभा, विधानसभा और विधान परिषद के बाद अब नीतीश कुमार राज्यसभा में भी अपनी भूमिका निभाएंगे, इसके साथ ही उन्होंने देश के चारों सदनों के सदस्य बनने का अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। यह उनका पहला मौका है जब वे राज्यसभा पहुंचे हैं, बता दें कि राज्यसभा सदस्य बनने के बाद उनके मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की अटकलें भी तेज हो गई हैं, जिससे बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।
दिल्ली पहुंचकर दिया संकेत
शपथ ग्रहण से पहले गुरुवार को दिल्ली पहुंचे नीतीश कुमार ने मीडिया से बातचीत में संकेत दिया था कि अब वे दिल्ली में रहकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों से बिहार में काम किया है और अब नई जिम्मेदारी निभाने का समय है, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे कुछ दिनों में बिहार जाकर शेष जिम्मेदारियां व्यवस्थित कर देंगे और नई व्यवस्था के लिए रास्ता साफ करेंगे।
बीजेपी की बैठक में सीएम पर मंथन
इसी बीच, दिल्ली में बीजेपी की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इस बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार, बैठक का मुख्य एजेंडा बिहार में नई सरकार के गठन और संभावित मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा करना है।
बिहार की सियासत में बढ़ी हलचल
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद बिहार की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना है। एनडीए की ओर से अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। आने वाले दिनों में इस पर बड़ा फैसला सामने आ सकता है।
No Comment! Be the first one.