पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: EVM विवाद के बीच 15 बूथों पर पुनर्मतदान, TMC ने उठाए सवाल

News Saga Desk

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान के बाद चुनावी प्रक्रिया को लेकर सियासत तेज हो गई है। EVM में कथित गड़बड़ी और छेड़छाड़ की शिकायतों के बीच चुनाव आयोग ने दक्षिण 24 परगना जिले के 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने का फैसला लिया है।

चुनाव आयोग के अनुसार, शनिवार 2 मई 2026 को मग्राहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 और डायमंड हार्बर क्षेत्र के 4 बूथों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक दोबारा मतदान कराया जाएगा। आयोग ने रिटर्निंग अधिकारियों और पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर यह निर्णय लिया है।

आयोग ने स्पष्ट किया कि 29 अप्रैल को इन बूथों पर हुए मतदान को जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 58(2) के तहत निरस्त कर दिया गया है। साथ ही निर्देश दिया गया है कि पुनर्मतदान की जानकारी मतदाताओं तक ढोल बजाकर पहुंचाई जाए और सभी उम्मीदवारों को लिखित सूचना दी जाए।

इधर, EVM स्ट्रॉन्ग रूम और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों में कथित गड़बड़ी को लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने भी चुनाव आयोग को पत्र लिखा है। पार्टी ने मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि उचित कदम नहीं उठाए गए तो विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। बता दें कि पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की मतगणना 4 मई 2026 को होनी है।

Read More News

Read More