अनंत सिंह के 9 समर्थकों पर FIR, डांसर संग हथियार लहराते VIDEO से मचा हड़कंप

News Saga Desk

बिहार: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह और उनके समर्थक विवादों में घिर गए हैं। गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में आयोजित एक जनेऊ (उपनयन) संस्कार कार्यक्रम के दौरान डांसर के साथ डांस, नोट उड़ाने और खुलेआम हथियार लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो में देखा गया कि कार्यक्रम के दौरान फिल्मी और भोजपुरी गानों पर डांस चल रहा था, जहां कुछ लोग डांसर के साथ ठुमके लगाते हुए नजर आए। इसी दौरान कई लोग हाथों में पिस्टल और अन्य हथियार लहराते दिखे। डांसर पर नोटों की बारिश भी की जा रही थी, जिससे माहौल पूरी तरह ‘महफिल’ जैसा बन गया।
यह कार्यक्रम 2 और 3 मई को आयोजित हुआ था, जिसमें अनंत सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि कार्यक्रम में अवैध और लाइसेंसी हथियारों का प्रदर्शन किया गया और अश्लील नृत्य कराया गया, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए।
गोपालगंज पुलिस ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए अनंत सिंह समेत कुल 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इनमें कार्यक्रम के आयोजक और अन्य सहयोगी भी शामिल हैं, जबकि कुछ अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई हो सकती है।
इस घटना के सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक मर्यादा को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं, वहीं प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Read More News

Read More