News Saga Desk
अडानी ग्रूप के चेयरमैन गौतम अडानी रविवार को बिहार के छपरा और सारण जिले के मस्तीचक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बिहार के विकास को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अडाणी ग्रुप अगले 2 से 3 वर्षों में राज्य में 50 हजार से 60 हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगा।
उन्होंने बताया कि बिहार में पावर और रोड इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स पर तेजी से काम चल रहा है। इसके साथ ही समूह अब स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में भी बड़े स्तर पर निवेश की तैयारी कर रहा है।
सारण में शुरू हुआ अडाणी आई केयर प्रोजेक्ट
मस्तीचक स्थित अखंड ज्योति नेत्र अस्पताल में गौतम अडानी और प्रीति अडानी ने ‘अडाणी आई केयर प्रोजेक्ट’ का उद्घाटन किया। यह परियोजना अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल और अडानी फाउंडेशन की संयुक्त पहल है।
इस परियोजना के तहत दो प्रमुख केंद्रों की शुरुआत की गई है।
- अडाणी सेंटर फॉर आई डिजीज
- अडाणी ट्रेनिंग सेंटर फॉर ऑप्थैल्मिक साइंसेस
बताया जा रहा है कि यह परियोजना दुनिया का सबसे बड़ा ग्रामीण आई केयर नेटवर्क बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के लोगों को सस्ती और विश्वस्तरीय नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। उद्घाटन के बाद गौतम अडाणी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल भी जाना।
बिहार की सांस्कृतिक विरासत की सराहना
अपने संबोधन में गौतम अडाणी ने बिहार की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि बिहार भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का केंद्र है। गायत्री मंदिर शक्तिपीठ में दर्शन के बाद उन्हें समाज के लिए बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिली।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में इस पहल के बाद अब अडाणी ग्रुप बिहार के शिक्षा क्षेत्र में भी तेजी से काम करेगा। आने वाले समय में राज्य में स्कूल और कॉलेज स्थापित करने की योजना पर कार्य किया जाएगा।
बिहार में अडाणी ग्रुप के बड़े प्रोजेक्ट
भागलपुर में थर्मल पावर प्लांट
Bhagalpur के पीरपैंती में करीब 26,482 करोड़ रुपये की लागत से 2,400 मेगावाट क्षमता का अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट स्थापित किया जा रहा है।
गंगा पथ सड़क परियोजना
सुल्तानगंज-सबौर रोड लिमिटेड (SSRL) के तहत पीपीपी मॉडल पर 4,450 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली सड़क परियोजना पर काम जारी है, जो भागलपुर और सबौर को जोड़ेगी।
सीमेंट फैक्ट्रियों को मंजूरी
मुजफ्फरपुर और किशनगंज में अम्बुजा सीमेंट्स की नई सीमेंट फैक्ट्रियों को मंजूरी मिल चुकी है। इन परियोजनाओं से राज्य में रोजगार और औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
No Comment! Be the first one.