News Saga Desk
आईपीएल 2026 में खराब प्रदर्शन के बाद एलएसजी के ग्लोबल डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने टीम में बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं। पंजाब किंग्स से हार के बाद उन्होंने कहा कि यह सीजन टीम के लिए बेहद निराशाजनक रहा और अब फ्रेंचाइजी हर पहलू की समीक्षा करेगी।
Rishabh Pant की कप्तानी में एलएसजी का प्रदर्शन इस सीजन काफी खराब रहा। टीम ने 14 लीग मैचों में सिर्फ 4 जीत हासिल की, जबकि 10 मुकाबलों में हार झेलनी पड़ी। एलएसजी अंक तालिका में सबसे नीचे रही।
पंत का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। उन्होंने 13 पारियों में 28.36 की औसत से 312 रन बनाए। पंजाब किंग्स के खिलाफ आखिरी मुकाबले में भी उनका बल्ला शांत रहा।
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में टॉम मूडी ने कहा, “कप्तानी के लिहाज से यह ऋषभ पंत के लिए चुनौतीपूर्ण सीजन रहा। यह भी देखना होगा कि कप्तानी का दबाव उनकी बल्लेबाजी पर कितना असर डाल रहा है। हम पूरे सीजन की शांत दिमाग से समीक्षा करेंगे, क्योंकि टीम अपने तय मानकों तक नहीं पहुंच पाई।”
उन्होंने आगे कहा कि फ्रेंचाइजी के नेतृत्व और टीम संयोजन को लेकर गंभीरता से विचार किया जाएगा। मूडी के मुताबिक, “जब किसी सीजन की समीक्षा होती है तो कई कठिन फैसले लेने पड़ते हैं। फिलहाल ऐसा लग रहा है कि हमें रीसेट की जरूरत है।”
मूडी ने पूरे सीजन की जिम्मेदारी सामूहिक बताते हुए कहा कि किसी एक खिलाड़ी को दोष देना सही नहीं होगा। उन्होंने कहा, “यह समय किसी एक खिलाड़ी पर उंगली उठाने का नहीं है। टीम मैनेजमेंट से लेकर खिलाड़ियों तक, हम सभी इस प्रदर्शन के लिए जिम्मेदार हैं।”
गौरतलब है कि एलएसजी ने 2024 की नीलामी में ऋषभ पंत को 27 करोड़ रुपये में खरीदा था और उन्हें टीम की कप्तानी सौंपी थी। हालांकि पिछले दो सीजन में पंत का प्रदर्शन साधारण रहा। उन्होंने एलएसजी के लिए दो सीजन में कुल 581 रन बनाए, जबकि उनकी कप्तानी में टीम ने 28 मैचों में सिर्फ 10 जीत दर्ज की और 18 मुकाबले गंवाए।
No Comment! Be the first one.