सारण में RPF और CBDS की संयुक्त कार्रवाई, ट्रेन से 5 तस्कर गिरफ्तार

News Saga Desk

सारण: शराबबंदी कानून को प्रभावी रूप से लागू रखने और रेल मार्ग से होने वाली तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेल सुरक्षा बल और सीबीडीएस की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।

वाराणसी रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त तथा सहायक सुरक्षा आयुक्त, छपरा के दिशा-निर्देशन में छपरा पोस्ट द्वारा गाड़ी संख्या 15232 में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की गई। इस अवैध धंधे में संलिप्त पांच तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार आरपीएफ और सीबीडीएस टीम छपरा पोस्ट के जवानों द्वारा सुरेमनपुर से छपरा जंक्शन के बीच ट्रेन संख्या 15232 में आपराधिक गतिविधियों की निगरानी और रूटीन गश्त की जा रही थी। इसी दौरान कोच संख्या ईसी/227257 में कुछ युवक संदिग्ध अवस्था में भारी भरकम पिट्ठू बैग और थैलों के साथ खड़े दिखाई दिए। सुरक्षा बलों को देखते ही वे सकपकाने लगे। संदेह गहराने पर जब टीम ने उनके बैग और थैलों की सघन तलाशी ली, तो अधिकारियों की आंखें फटी रह गईं। बैगों के अंदर विभिन्न नामी ब्रांड्स की विदेशी शराब और बीयर की खेप बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखी गई थी।

तलाशी के दौरान संयुक्त टीम ने विभिन्न ब्रांड्स की कुल 106.915 लीटर विदेशी अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त की, जिसकी कुल अनुमानित बाजार कीमत लगभग नब्बे हजार रुपए आंकी गई है।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान बिदुपुर, वैशाली निवासी सदर कुमार, नयागांव हसनपुर निवासी सुजीत कुमार ओझा, नयागांव हसनपुर निवासी सरोज कुमार, अमनौर जगदेव सिरसिया निवासी श्याम सुंदर कुमार, और जैतिहा सोनपुर निवासी हिमांशु पांडे के रूप में हुई है। रेल पुलिस ने गिरफ्तार सभी पांचों आरोपियों को जब्त शराब के साथ राजकीय रेल थाना छपरा को सौंप दिया।

रेल पुलिस द्वारा उक्त आरोपियों के खिलाफ बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत सुसंगत धाराओं में कांड दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड तथा फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई और गहन जांच कर रही है ताकि मुख्य आपूर्तिकर्ताओं तक पहुंचा जा सके।

इस ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में उप निरीक्षक विशाल, एएसआई विजय रंजन मिश्रा, कांस्टेबल संजय यादव,आरपीएफ पोस्ट छपरा, कांस्टेबल अरविंद कुमार शाह आरपीएफ पोस्ट भटनी, हेड कांस्टेबल रामसूरत कुमार सीआईबी, कांस्टेबल दिलीप कुमार सीआईबी तथा एएसआई लल्लन कुमार सिंह शामिल थे।

Read More News

झारखंड BJP में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, पवन साय को मिली कमान, कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी

भाजपा ने पवन साय को झारखंड का नया संगठन महामंत्री बनाया है। कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी...

Read More