छत्तीसगढ़ निकाय और पंचायत चुनाव परिणाम: भाजपा को तीन, कांग्रेस को दो नगर पंचायत अध्यक्ष पद

NEWS SAGA DESK

रायपुर : छत्तीसगढ़ में एक जून को संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकायों के आम और उपचुनावों की मतगणना गुरुवार को जारी रही। राज्य निर्वाचन आयोग की निगरानी में हो रही मतगणना के दौरान कई सीटों के परिणाम घोषित किए गए। प्रदेशभर में नगर पंचायत अध्यक्ष, पार्षद, जनपद सदस्य, सरपंच और पंच समेत 1310 रिक्त पदों के लिए मतदान कराया गया था।

पांच नगर पंचायत अध्यक्ष पदों के लिए हुए चुनाव में भाजपा ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को दो सीटों पर सफलता मिली। नवगठित नगर पंचायतों घुमका, बम्हनीडीह, शिवानंदनपुर और पलारी के परिणामों पर विशेष नजर रही।

कवर्धा जिले की सहसपुर लोहारा नगर पंचायत में भाजपा उम्मीदवार सरिता संतोष मिश्रा ने 754 मतों के अंतर से जीत हासिल कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।

राजनांदगांव जिले की घुमका नगर पंचायत में कांग्रेस की फूलमती वर्मा 85 मतों से अध्यक्ष निर्वाचित हुईं। यहां 11 वार्डों में भाजपा, तीन में कांग्रेस और एक वार्ड में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे।

जांजगीर-चांपा जिले की बम्हनीडीह नगर पंचायत में भाजपा के रमेश डडसेना अध्यक्ष चुने गए। यहां भी 11 वार्ड भाजपा, तीन वार्ड कांग्रेस और एक वार्ड निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गया।

सूरजपुर जिले की शिवानंदनपुर नगर पंचायत में भाजपा उम्मीदवार रितेश जायसवाल ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। 15 वार्डों में से आठ पर कांग्रेस और सात पर भाजपा उम्मीदवार विजयी रहे।

बालोद जिले की पलारी नगर पंचायत में कांग्रेस उम्मीदवार यानेश कुमार अध्यक्ष चुने गए। यहां नौ वार्डों में कांग्रेस और पांच वार्डों में भाजपा को जीत मिली, जबकि एक वार्ड में दोनों उम्मीदवारों को बराबर मत मिले। इस वार्ड के विजेता का फैसला टॉस के जरिए किया जाएगा।

उपचुनावों में बस्तर जिले के जगदलपुर नगर निगम के वार्ड संख्या-1 इंदिरा वार्ड से कांग्रेस उम्मीदवार रामकृष्ण तिवारी पार्षद निर्वाचित हुए। यह सीट पूर्व पार्षद अब्दुल रशीद के निधन के बाद रिक्त हुई थी।

बिलासपुर नगर निगम के वार्ड संख्या-29 संजय गांधी नगर (तारबाहर) में कांग्रेस उम्मीदवार शेख आजम ने भाजपा के वी. मधुसूदन राव को हराकर जीत दर्ज की।

जशपुर नगर पालिका के उपचुनाव में भाजपा ने दोनों सीटों पर कब्जा जमाया। वार्ड संख्या-8 से प्रेमलता साहू और वार्ड संख्या-14 से प्रिया सिंह विजयी रहीं।

Read More News

खान सर कोचिंग विवाद में नया ट्विस्ट, फायरिंग का वीडियो आया सामने, गार्ड्स को पुलिस ने लिया हिरासत में

पटना के चर्चित कोचिंग संचालक और यूट्यूबर खान सर के कोचिंग सेंटर पर कथित हमले का मामला अब नया मोड़...

Read More