भाजपा से इस्तीफा देने के बाद पूर्व तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने नई राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान किया है। अन्नामलाई ने कहा कि उनका नया राजनीतिक आंदोलन आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेगा। भाजपा छोड़ने के कारणों, तमिलनाडु की पहचान, संस्कृति और राज्य के अधिकारों पर अपने रुख को लेकर भी उन्होंने खुलकर बात की।
News Saga Desk
चेन्नई | भाजपा से इस्तीफा देने के बाद पूर्व तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने नई राजनीतिक पार्टी बनाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वह एक नए राजनीतिक आंदोलन की शुरुआत कर रहे हैं, जो आगे चलकर एक राजनीतिक दल का रूप लेगा और आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेगा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जनता को संबोधित करते हुए अन्नामलाई ने कहा कि आज से एक नया रास्ता, एक नया आंदोलन और एक नई राजनीतिक यात्रा शुरू हो रही है। उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक लक्ष्य अब पहले से बड़े हो गए हैं और उन्हें अधिक लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ना है।
अन्नामलाई ने दावा किया कि भाजपा में रहते हुए उन्होंने कभी भी तमिलनाडु की पहचान, संस्कृति और राज्य के जल अधिकारों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर समझौता नहीं किया। भाजपा छोड़ने के फैसले पर उन्होंने कहा कि यह निर्णय उन्होंने पूरी गरिमा और सम्मान के साथ लिया है, ताकि तमिलनाडु में एक नई तरह की राजनीति की शुरुआत की जा सके।
उन्होंने बताया कि 4 दिसंबर 2025 को ही उन्होंने पार्टी नेतृत्व को अपने इस्तीफे की इच्छा से अवगत करा दिया था, लेकिन उनसे चुनावी प्रक्रिया पूरी होने तक इंतजार करने को कहा गया। अन्नामलाई ने कहा कि उनके सामने हमेशा यह सवाल रहा कि वह पहले भाजपा के कार्यकर्ता हैं या तमिलनाडु के बेटे। अंततः उन्होंने अपने सिद्धांतों और राजनीतिक दृष्टिकोण के अनुरूप नया रास्ता चुनने का फैसला किया।

अन्नामलाई ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी नई पार्टी आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। वहीं, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को 2 जून को लिखे अपने इस्तीफे के पत्र में उन्होंने कहा था कि वह तमिलनाडु में विकासोन्मुख और सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित राजनीति के अपने विजन को लेकर पार्टी नेतृत्व पर अतिरिक्त बोझ नहीं डालना चाहते थे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अन्नामलाई का यह कदम तमिलनाडु की राजनीति में नए समीकरण पैदा कर सकता है और आगामी विधानसभा चुनाव में इसका असर देखने को मिल सकता है।
No Comment! Be the first one.