जयपुर में बड़ा हादसा : पटाखा गोदाम में लगी भीषण आग, चार की मौत

News Saga Desk

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर के खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक पटाखा गोदाम में लगी भीषण आग ने चार लोगों की जान ले ली, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। गोदाम में मौजूद मजदूरों को बाहर निकलने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल सका। घायलों को तत्काल सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि यह हादसा खोह-नागोरियान क्षेत्र के आयशा नगर तलाई स्थित आईटीआई कॉलेज के पास हुआ। पटाखा गोदाम में अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही देर में उसने विकराल रूप धारण कर लिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि चार घायल उपचाराधीन हैं। इनमें दो की हालत अत्यंत गंभीर है। कई दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया और लंबे समय तक राहत एवं बचाव अभियान जारी रहा।

उन्होंने बताया कि रिहायशी क्षेत्र में यह गोदाम अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। गोदाम मालिक के साथ-साथ मामले में जिम्मेदार पाए जाने वाले अन्य व्यक्तियों, संबंधित पुलिसकर्मियों और मकान मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। मृतकों में रामगंज निवासी अब्दुल वाहिद की पहचान हो चुकी है, जबकि तीन अन्य मृतकों की पहचान के प्रयास जारी हैं। झुलसे हुए आजीम खान (18), नासिर खान (20), समीर खान (20) और बिलाल (22) को एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायल खोह-नागोरियान के रहीम नगर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

एसएमएस अस्पताल के प्लास्टिक सर्जरी विभाग के चिकित्सक डॉ. आर.के. जैन ने बताया कि अस्पताल में कुल छह लोगों को लाया गया था। इनमें एक व्यक्ति को मृत अवस्था में लाया गया, जबकि एक अन्य की उपचार के दौरान मौत हो गई। वर्तमान में चार मरीजों का उपचार जारी है। डॉ. जैन के अनुसार समीर और नासिर करीब 95 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। बिलाल 75 प्रतिशत तथा आदिब 65 प्रतिशत तक झुलसा है। सभी की स्थिति गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।

जयपुर जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि घटना में गंभीर रूप से झुलसे लोगों को एसएमएस अस्पताल भेजा गया है। प्रारंभिक तौर पर किसी ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग लगने की आशंका है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

प्रशासन ने गोदाम के लाइसेंस, सुरक्षा मानकों और संचालन संबंधी सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मृतकों एवं घायलों की पहचान, आग लगने के कारणों तथा जिम्मेदार लोगों की भूमिका की पड़ताल में जुटे हैं।

Read More News

Read More