विश्व तीरंदाजी कप के तीसरे चरण में भारत ने जीते दो स्वर्ण पदक

NEWS SAGA DESK

अंताल्या (तुर्किये):- भारतीय तीरंदाजी दल ने विश्व तीरंदाजी कप के तीसरे चरण में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। भारतीय जोड़ी धीरज बोम्मादेवरा और कुमकुम अनिल मोहोड ने रिकर्व मिश्रित टीम स्पर्धा में विश्व की शीर्ष वरीयता प्राप्त दक्षिण कोरियाई टीम को हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं धीरज बोम्मादेवरा ने पुरुष व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक हासिल कर भारत को दोहरी सफलता दिलाई।

रिकर्व मिश्रित टीम के फाइनल मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण कोरिया को 5-1 से पराजित किया। भारत ने फाइनल तक पहुंचने के दौरान डेनमार्क, अमेरिका और जर्मनी जैसी मजबूत टीमों को हराया।

यह उपलब्धि भारत के लिए विशेष महत्व रखती है, क्योंकि वर्ष 2021 के बाद पहली बार भारत ने किसी विश्व कप चरण में रिकर्व मिश्रित टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता है।

इसके बाद धीरज बोम्मादेवरा ने पुरुष व्यक्तिगत रिकर्व फाइनल में दक्षिण कोरिया के ली वू सियोक को 7-3 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही वह वर्ष 2021 के बाद विश्व कप स्तर पर पुरुष व्यक्तिगत रिकर्व वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय तीरंदाज बन गए।

धीरज का यह प्रदर्शन भारतीय तीरंदाजी के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। उन्होंने टीम और व्यक्तिगत दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी विश्वस्तरीय प्रतिभा का परिचय दिया।

भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि भारतीय तीरंदाजी के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है।

संघ के मानद महासचिव वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि चयन प्रक्रिया और राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविरों का सकारात्मक प्रभाव अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

उल्लेखनीय है कि विश्व तीरंदाजी कप के तीसरे चरण का आयोजन 9 से 14 जून तक तुर्किये के अंताल्या शहर में किया गया था।

Read More News

झारखंड BJP में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, पवन साय को मिली कमान, कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी

भाजपा ने पवन साय को झारखंड का नया संगठन महामंत्री बनाया है। कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी...

Read More