NEWS SAGA DESK
फुटबॉल जगत के दिग्गज खिलाड़ी और पुर्तगाल के स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने फीफा विश्व कप 2026 में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली। मंगलवार को उज्बेकिस्तान के खिलाफ खेले गए ग्रुप-के मुकाबले में रोनाल्डो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल किए और कई रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिए।
41 वर्ष 138 दिन की उम्र में रोनाल्डो विश्व कप के किसी एक मैच में दो गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए। इसके साथ ही वह 40 वर्ष की आयु पार करने के बाद फीफा विश्व कप में दो गोल करने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर भी बन गए हैं।
ह्यूस्टन के एनआरजी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रोनाल्डो ने छठे मिनट में पहला गोल कर पुर्तगाल को बढ़त दिलाई। इसके बाद 39वें मिनट में दूसरा गोल कर टीम की स्थिति और मजबूत कर दी। इस प्रदर्शन के साथ वह छह अलग-अलग विश्व कप (2006, 2010, 2014, 2018, 2022 और 2026) में गोल करने वाले दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी बन गए।
24 घंटे में टूटा मेसी का रिकॉर्ड
अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी ने 22 जून को ऑस्ट्रिया के खिलाफ दो गोल कर विश्व कप में सबसे अधिक उम्र में दो गोल करने का रिकॉर्ड बनाया था। उस समय उनकी उम्र 38 वर्ष 363 दिन थी। हालांकि, रोनाल्डो ने अगले ही दिन यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
पुर्तगाल के लिए विश्व कप में सर्वाधिक गोल
उज्बेकिस्तान के खिलाफ किए गए दो गोलों के साथ रोनाल्डो विश्व कप इतिहास में पुर्तगाल के लिए सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। उन्होंने 24 विश्व कप मैचों में कुल 10 गोल किए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड महान फुटबॉलर यूसेबियो के नाम था, जिन्होंने 1966 विश्व कप में 9 गोल किए थे।
हैट्रिक का रिकॉर्ड अभी मेसी के नाम
रोनाल्डो के पास मैच में तीसरा गोल करने का भी अवसर था। यदि वह सफल हो जाते तो विश्व कप में सबसे अधिक उम्र में हैट्रिक लगाने वाले खिलाड़ी बन जाते। फिलहाल यह रिकॉर्ड लियोनेल मेसी के नाम है, जिन्होंने 2026 विश्व कप में अल्जीरिया के खिलाफ मुकाबले में हैट्रिक बनाई थी।
पुर्तगाल की शानदार जीत
पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। टीम के लिए क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने दो गोल किए, जबकि नूनो मेंडेस, जोआओ फेलिक्स और राफेल लियाओ ने एक-एक गोल दागा।
इस जीत के साथ पुर्तगाल ने ग्रुप-के में मजबूत दावेदारी पेश करते हुए अगले दौर की राह आसान कर ली है।
No Comment! Be the first one.