एशिया कप 2026 में भारत की धमाकेदार शुरुआत, थाईलैंड को 94 रन से रौंदा

एशिया कप 2026 में भारत ने थाईलैंड को 94 रन से हराकर शानदार शुरुआत की। शेफाली ने 64 रन बनाए, जबकि दीप्ति शर्मा ने 171 विकेट के साथ इतिहास रचा।

News Saga Desk

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2026 में जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया है। ग्रुप-ए के मुकाबले में भारत ने थाईलैंड को 94 रन से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 159 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में थाईलैंड की पूरी टीम 16.1 ओवर में महज 65 रन पर सिमट गई। इस मुकाबले में भारत की जीत के साथ दो खिलाड़ियों का प्रदर्शन खास चर्चा में रहा। शेफाली वर्मा ने बल्ले से आक्रामक पारी खेली, जबकि दीप्ति शर्मा ने गेंद से इतिहास रच दिया।

शेफाली वर्मा ने जमाया शानदार अर्धशतक

भारत ने टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम को शुरुआत में कुछ झटके जरूर लगे, लेकिन शेफाली वर्मा ने एक छोर संभालते हुए तेजी से रन बटोरे। उन्होंने सिर्फ 36 गेंदों का सामना करते हुए 64 रन की शानदार पारी खेली। शेफाली की पारी में 8 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने भारतीय स्कोर को मजबूती दी। यह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में शेफाली का 19वां अर्धशतक रहा। हालांकि थाईलैंड की स्पिन गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में सफलता हासिल की। इसके बावजूद भारत ने 20 ओवर में 159 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा कर लिया। प्रतिका रावल ने अपने डेब्यू मुकाबले में 22 रन बनाए, जबकि स्मृति मंधाना ने 19 रनों का योगदान दिया।

65 रन पर ढेर हुई थाईलैंड की टीम

160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी थाईलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालकर विपक्षी टीम को दबाव में रखा। थाईलैंड की ओर से नानाफत कोंचारोएंकई ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। भारतीय गेंदबाजों की घातक गेंदबाजी के सामने थाईलैंड की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। पूरी टीम 16.1 ओवर में 65 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से नंदनी शर्मा ने 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट चटकाए। श्री चरणी को 3 ओवर में केवल 10 रन देकर 2 सफलता मिली। क्रांति गौड़ ने भी एक विकेट अपने नाम किया।

एशिया कप 2026

दीप्ति शर्मा ने 7 गेंदों में रचा इतिहास

मुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण दीप्ति शर्मा का प्रदर्शन रहा। उन्होंने महज 7 गेंदों में बिना कोई रन दिए 3 विकेट हासिल किए। उनकी इस गेंदबाजी ने भारत की जीत को और खास बना दिया। इन तीन विकेट के साथ दीप्ति शर्मा के महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल विकेटों की संख्या 171 हो गई। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने थाईलैंड की थिपाटचा पुथावोंक को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम 170 विकेट थे। अब दीप्ति महिला टी20 इंटरनेशनल में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं।

इसे भी देखे- प्रदर्शन कर रहे छात्रों की तिरंगा यात्रा, हजारों की संख्या में शामिल हुए छात्र | 

150वां टी20 इंटरनेशनल मैच भी बना यादगार

दीप्ति शर्मा के लिए यह मुकाबला व्यक्तिगत तौर पर भी बेहद खास था। थाईलैंड के खिलाफ उतरते ही उन्होंने अपने करियर का 150वां टी20 इंटरनेशनल मुकाबला पूरा किया। वह भारत की तीसरी महिला क्रिकेटर हैं, जिन्होंने 150 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने का मुकाम हासिल किया है। उनसे पहले हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। इस तरह दीप्ति ने अपने 150वें टी20 इंटरनेशनल मैच को रिकॉर्ड और शानदार प्रदर्शन के साथ यादगार बना दिया। भारत की बड़ी जीत ने एशिया कप 2026 में टीम के अभियान को मजबूत शुरुआत दी है।

Read More News

Read More