सुदिव्य कुमार सोनू द्वादशकर्म में पहुंचे हेमंत और कल्पना, दी भावभीनी श्रद्धांजलि

News Saga Desk

गिरिडीह में पूर्व मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादशकर्म में सीएम हेमंत सोरेन शामिल हुए। तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर परिजनों से मिलकर संवेदना जताई।

गिरिडीह में स्मृति-शेष पूर्व कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादशकर्म कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। मुख्यमंत्री आज हरसिंहरायडीह स्थित सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पहुंचे और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिवंगत मंत्री के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति और धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। कार्यक्रम के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा।

सुदिव्य कुमार सोनू

सुदिव्य सोनू का निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति: हेमंत सोरेन

मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि बड़े भाई सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन की घटना से सभी लोग दुखी हैं। उन्होंने कहा कि आज विधि-विधान और रीति-रिवाज के साथ द्वादशकर्म कार्यक्रम संपन्न हो रहा है और सभी ने उन्हें अंतिम विदाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। इसकी भरपाई करना बेहद कठिन है। उन्होंने कहा कि मंत्री रहते हुए सुदिव्य कुमार सोनू की सक्रियता सभी ने देखी थी। उनका व्यक्तित्व और काम करने का अंदाज किसी से छिपा नहीं था।

समाज और राज्य को हमेशा ऐसे लोगों की जरूरत

हेमंत सोरेन ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू जैसे व्यक्ति की आवश्यकता समाज और राज्य को हमेशा रहती है। उनमें हौसला और जुनून था। मुख्यमंत्री के अनुसार, सुदिव्य सोनू ने लंबे समय तक राज्य के विभिन्न क्षेत्रों को दिशा देने का काम किया।

उन्होंने कहा कि अभी भी मन यह मानने को तैयार नहीं है कि सुदिव्य कुमार सोनू अब उनके बीच नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधि के विधान को कोई टाल नहीं सकता और सभी को उसी के साथ आगे बढ़ना होता है।

दलगत भावना से ऊपर उठकर पहुंचे लोग

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादशकर्म में लोग दलगत भावना से ऊपर उठकर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि दिवंगत नेता का व्यक्तित्व ऐसा था कि वे सभी लोगों और सभी वर्गों की समस्याओं को लेकर आगे बढ़ते रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदिव्य सोनू भले ही आज उनके बीच नहीं हैं, लेकिन वे एक मिसाल के तौर पर हमेशा कायम रहेंगे। उन्होंने सभी से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने की अपील की और कहा कि दुख की इस घड़ी में वे और पूरी सरकार परिवार के साथ हैं।

कार्यक्रम में पहुंचे आम लोगों से भी मुख्यमंत्री ने मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।

कल्पना सोरेन ने भी दी श्रद्धांजलि

विधायक कल्पना सोरेन ने भी सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने भी ईश्वर से परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

सुदिव्य कुमार सोनू

बड़ी संख्या में पहुंचे मंत्री, विधायक और अधिकारी

सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादशकर्म कार्यक्रम में झारखंड मंत्रिमंडल के अन्य मंत्री, राज्यसभा सांसद, विधायक, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, राज्य सरकार के वरिष्ठ पदाधिकारी और गिरिडीह जिला प्रशासन के अधिकारी शामिल हुए।

इसके अलावा जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों, समर्थकों और सुदिव्य कुमार सोनू को चाहने वाले बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम में पहुंचकर उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।

Read More News

स्वास्थ्य मंत्री का बड़ा ऐलान: थैलेसीमिया और सिकल सेल मरीजों को अब निजी अस्पतालों में भी मुफ्त खून

झारखंड में थैलेसीमिया और सिकल सेल एनीमिया के मरीजों को अब सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी मुफ्त ब्लड...

Read More