Anant Ojha UP Co Incharge: भाजपा के वरिष्ठ नेता अनंत ओझा को उत्तर प्रदेश का सह-प्रभारी बनाए जाने पर साहिबगंज के उत्सव बैंक्वेट हॉल में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। पढ़ें पूरी खबर।
साहिबगंज: राजमहल के पूर्व विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अनंत ओझा को उत्तर प्रदेश का सह-प्रभारी बनाए जाने के बाद साहिबगंज भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह का माहौल है। इस उपलक्ष्य में गुरुवार को साहिबगंज स्थित उत्सव बैंक्वेट हॉल में भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम कुमार यादव के नेतृत्व में एक भव्य सम्मान सह अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यकर्ताओं ने शॉल व गुलदस्ता देकर किया सम्मानित
समारोह में जिलेभर से बड़ी संख्या में पहुंचे भाजपा पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अनंत ओझा को शॉल ओढ़ाकर एवं गुलदस्ता भेंट कर उनका नागरिक अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नई एवं महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर उन्हें बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व द्वारा उत्तर प्रदेश जैसे राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण और बड़े राज्य में सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपना अनंत ओझा के दीर्घकालिक संगठनात्मक अनुभव, समर्पण और कार्यक्षमता पर पार्टी के अटूट विश्वास को दर्शाता है।
नेतृत्व के भरोसे पर खरा उतरने का संकल्प: अनंत ओझा
अभिनंदन से गदगद भाजपा नेता अनंत ओझा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “पार्टी नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, वह मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जवाबदेही भी है। भाजपा कार्यकर्ताओं की निस्वार्थ मेहनत और संगठन की एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उत्तर प्रदेश में भी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व देवतुल्य कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय बनाकर संगठन को और मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा व क्षमता से काम करूंगा।”
कार्यक्रम में कई प्रमुख नेता व कार्यकर्ता रहे मौजूद
समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर रहा। उपस्थित नेताओं ने विश्वास जताया कि अनंत ओझा अपनी नई भूमिका का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगे और संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
इस अवसर पर जिला प्रभारी अमृत पांडे, पूर्व जिलाध्यक्ष विश्वनाथ साह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गणेश प्रसाद तिवारी, नमामि गंगे प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक राजेश मंडल, मत्स्य प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक राजीव चौधरी के अलावा कुसुमाकर तिवारी, चंद्रभान शर्मा, रामानंद साह, प्रेमलाल मंडल (मंटा मंडल), मनोज यादव, अनुराग राहुल, विनोद चौधरी, सलखु सोरेन, धनंजय मंडल, धर्मेंद्र कुमार, रामदरश यादव और श्यामल दास सहित सैकड़ों पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।
No Comment! Be the first one.