कुएं से लोटा निकालने के प्रयास में बाप-बेटे की दर्दनाक मौत, दम घुटने की आशंका

News Saga Desk

पलामू। पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत सहीआरा गांव में सोमवार को एक मर्मांतक हादसा सामने आया, जिसमें बाप और बेटे की कुएं में दम घुटने से मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना तब घटी जब बेटे ने एक सूखे कुएं में गिरा लोटा निकालने की कोशिश की। जानकारी के अनुसार, 36 वर्षीय मुन्ना रजवार का लोटा गांव के एक करीब 30 फीट गहरे सूखे कुएं में गिर गया था। लोटा निकालने के लिए वह खुद कुएं में उतर गया, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आया। जब वह बाहर नहीं निकला, तो चिंतित होकर उसके पिता 60 वर्षीय जगत रजवार टॉर्च लेकर कुएं में झांकने गए। बेटे को भीतर फंसा देख वे भी उसे बचाने के लिए कुएं में उतर गए।

बताया जा रहा है कि कुएं में पानी नहीं था, लेकिन निचले हिस्से में कीचड़ और हवा का अभाव था, जिससे दोनों अंदर ही फंस गए। दम घुटने की वजह से दोनों की मौत हो गई, ऐसी आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी सोमवार सुबह ग्रामीणों को मिली। लेकिन भय के कारण कोई भी व्यक्ति तुरंत कुएं में उतरने को तैयार नहीं हुआ। बाद में प्रशासन को सूचना दी गई। मौके पर स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची और कुएं में ऑक्सीजन सिलेंडर से हवा की आपूर्ति की गई, साथ ही पंखे के जरिए वेंटिलेशन की व्यवस्था की गई। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला गया।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर हुसैनाबाद एसडीओ गोरांग महतो, सीओ पंकज कुमार, बीडीओ सुनील वर्मा, थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी, एवं चिकित्सा प्रभारी डॉ. विनेश कुमार और डॉ. विकास कुमार उपस्थित रहे। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण कुएं में ऑक्सीजन की कमी को बताया गया है।
 


Read More News

रामनवमी से पहले रांची में हाई अलर्ट, डीजीपी की बैठक में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश

राजधानी रांची में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में...

उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दौरे से पहले रांची-खूंटी में हाई अलर्ट, 22 पुलिस अधिकारी तैनात

रांची: उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 28 मार्च को प्रस्तावित रांची और खूंटी दौरे को लेकर झारखंड...

Read More