बोकारो में झाड़-फूंक करने वाले व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, विधायक जयराम महतो पहुंचे मौके पर 

News Saga Desk

बोकारो। बोकारो जिले के नावाडीह थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना ऊपरघाट के बारीडीह जंगल इलाके की है, जहां 3 अज्ञात युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने वारदात को अंजाम दिया। मृतक की पहचान हजारीबाग के सिरई, विष्णुगढ़ निवासी हेमलाल पंडित (42 वर्ष) के रूप में हुई है।  मिली जानकारी के अनुसार हेमलाल पंडित और उनके पिता तुलसी पंडित झाड़-फूंक और सोखागिरी का काम करते हैं। बुधवार रात दोनों नावाडीह से एक मरीज का इलाज कर लौट रहे थे। वे अपनी कार से घर जा रहे थे, तभी बारीडीह जंगल के पास एक बाइक पर सवार 3 युवकों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोका। युवकों ने वंशी गांव जाने का रास्ता पूछा और जैसे ही हेमलाल ने खिड़की का शीशा नीचे किया, एक युवक ने उसकी कनपटी पर गोली मार दी। मौके पर ही हेमलाल की मौत हो गई, जबकि पिता तुलसी पंडित जैसे-तैसे जान बचाकर भाग निकले।

घटना की जानकारी मिलते ही डुमरी विधायक जयराम महतो रात में ही मौके पर पहुंचे। उन्होंने बोकारो एसपी और बेरमो एसडीपीओ को फोन से सूचना देने की कोशिश की, लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद स्थानीय थाना को सूचित किया गया। करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर थाना ले गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।


Read More News

रामनवमी से पहले रांची में हाई अलर्ट, डीजीपी की बैठक में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश

राजधानी रांची में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में...

उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दौरे से पहले रांची-खूंटी में हाई अलर्ट, 22 पुलिस अधिकारी तैनात

रांची: उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 28 मार्च को प्रस्तावित रांची और खूंटी दौरे को लेकर झारखंड...

Read More