News Saga Desk
प्रयागराज : संगम नगरी प्रयागराज में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक टू-सीटर माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट अचानक अनियंत्रित होकर केपी कॉलेज के पीछे स्थित एक तालाब में जा गिरा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा तकनीकी खराबी के चलते हुआ। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार दोनों पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं।
प्रत्यक्षदर्शी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने आसमान में विमान को असामान्य रूप से डगमगाते हुए देखा। कुछ ही क्षणों में विमान से दो पैराशूट खुलते नजर आए, जिनकी मदद से दोनों पायलट विमान के गिरने से पहले ही सुरक्षित रूप से नीचे उतरने लगे। इसके बाद विमान तेज आवाज के साथ तालाब के बीचों-बीच जा गिरा। तालाब में पानी होने के कारण विमान में आग नहीं लगी, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
तालाब के पास रेलवे ट्रैक के किनारे मौजूद लोगों ने देखा कि दोनों पायलट पानी में सुरक्षित उतर चुके हैं और मदद के लिए हाथ हिला रहे हैं। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए स्थानीय लोग तुरंत तालाब में कूद पड़े। कई युवाओं ने साहस दिखाते हुए तैरकर पायलटों तक पहुंच बनाई और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जांच में जुटी सेना और प्रशासन
स्थानीय लोगों के मुताबिक, विमान संगम की दिशा से उड़ान भरते हुए आ रहा था, तभी उसमें तकनीकी गड़बड़ी दिखाई देने लगी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इसके बाद सेना का हेलीकॉप्टर, स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
डीसीपी सिटी ने बताया कि दोनों पायलटों को प्राथमिक उपचार के लिए एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल सेना की टीम तालाब से एयरक्राफ्ट को बाहर निकालने और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
एयरक्राफ्ट की पहचान पर सस्पेंस
अभी तक हादसे के सटीक कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट सेना का था या किसी निजी संस्था का, क्योंकि इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
No Comment! Be the first one.