News Saga Desk
बॉलीवुड के लेजेंड धर्मेंद्र के निधन ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों को गहरे शोक में डूबा दिया है। 89 वर्ष की उम्र में उनके जाने के बाद हर कोई इस सच को स्वीकार करने में असमर्थ दिख रहा है। उन्हें याद करते हुए सुपरस्टार अमिताभ बच्चन रातभर सो नहीं सके और देर रात सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक पोस्ट लिखी।
अमिताभ बच्चन ने लिखा कि धर्मेंद्र सिर्फ एक महान अभिनेता नहीं, बल्कि बड़े दिल वाले इंसान थे। उनकी सादगी, उनका अपनापन और उनकी हंसी किसी का भी दिल जीत लेती थी। उन्होंने कहा कि धरम पाजी के जाने से एक ऐसा खालीपन बन गया है, जिसे कभी भरा नहीं जा सकेगा।
जय-वीरू की दोस्ती का अंत
‘शोले’ में जय-वीरू की जोड़ी पर्दे पर जितनी मशहूर थी, असल जिंदगी में भी उतनी ही गहरी। दोनों की दोस्ती किसी मिसाल से कम नहीं थी। अमिताभ ने अपने पोस्ट में लिखा कि समय बदलता रहा, लेकिन धर्मेंद्र का दिल और उनका व्यक्तित्व हमेशा वैसा ही रहा , बेहद गर्मजोशी से भरा।
धर्मेंद्र के निधन के साथ ही हिंदी सिनेमा की इस ऐतिहासिक दोस्ती की सबसे मजबूत कड़ी टूट गई।
एक दौर का अंत
धर्मेंद्र का जाना केवल एक सुपरस्टार के खोने जैसा नहीं है — यह उस सुनहरे दौर का अंत है, जिसमें सादगी, स्टारडम और इंसानियत एक साथ दिखाई देती थी।
फैंस, फिल्मी दुनिया और उनके करीबियों के दिल आज भारी हैं… क्योंकि धरम पाजी जैसे लोग बार-बार नहीं आते।
No Comment! Be the first one.