रांची के सुखदेवनगर में प्रशासन की करवाई, 10 घर तोड़े गए, कई बेघर

News Saga Desk

राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के पीछे स्थित खादगढ़ा, महुआ टोली इलाके में मंगलवार को अतिक्रमण हटाने की करवाई के दौरान कई घंटों तक तनाव और हंगामे की स्थिति बनी रही। प्रशासन ने करीब 27 कट्ठा ज़मीन पर बने 10 मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया, जिसके बाद कई परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए।

सुबह से शुरू हुई करवाई, विरोध में उतरे लोग

मंगलवार सुबह प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल और बुलडोजर के साथ टीम मौके पर पहुंची। जैसे ही तोड़फोड़ की करवाई शुरू हुई, स्थानीय लोगों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। महिलाएं और बच्चे सड़क पर बैठ गए और करवाई रोकने की मांग करने लगे। स्थानीय लोगों का कहना था कि वे वर्षों से यहां रह रहे थे और अचानक की गई करवाई से वे बेघर हो गए हैं।

ज़मीन को लेकर कोर्ट का आदेश

जानकारी के अनुसार, 27 कट्ठा ज़मीन महादेव उरांव की बताई जा रही है। ज़मीन विवाद का मामला पहले से हाईकोर्ट में लंबित था। महादेव उरांव के पक्ष में न्यायालय का आदेश आने के बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की करवाई की। प्रशासन का कहना है कि ज़मीन पर अवैध कब्जा था और सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करने के बाद ही करवाई की गई।

10 मकान ध्वस्त, परिवारों का बुरा हाल

करवाई के दौरान करीब 10 मकानों को ध्वस्त कर दिया गया। कई घरों का सामान बाहर ही पड़ा रह गया। अपने टूटे हुए घरों के सामने खड़े लोग रोते-बिलखते नजर आए। प्रभावित परिवारों का कहना है कि उनके पास अब रहने के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जीवन प्रभावित होगा।

भारी पुलिस बल तैनात, स्थिति नियंत्रण में

संभावित तनाव को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। कुछ समय तक नोकझोंक और नारेबाजी हुई, लेकिन बाद में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।

Read More News

रांची में आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने की तैयारी, 2000 क्षमता का शेल्टर होम और अस्पताल बनेगा

रांची: शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को देखते हुए रांची नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। निगम...

Read More