News saga Desk
झारखंड की बेटी अष्टम उरांव को सीनियर एएफसी(Asian Football Confederation) महिला एशियन कप के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। इसके साथ ही वह एशिया कप में जगह बनाने वाली झारखंड की पहली महिला फुटबॉलर बन गई हैं।
महिला फीफा वर्ल्ड कप ब्राजील 2027 के क्वालिफिकेशन को ध्यान में रखते हुए 1 मार्च से 21 मार्च तक ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होने वाले सीनियर एशियन कप महिला फुटबॉल (एएफसी) के लिए भारतीय फुटबॉल संघ ने 26 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। इस टीम में गुमला जिले के बिशनपुर प्रखंड अंतर्गत बनारी गोरा टोली की रहने वाली अष्टम उरांव को डिफेंडर के रूप में शामिल किया गया है। उनके पिता का नाम हीरा उरांव और माता का नाम तारा उरांव है।
प्रतिभाशाली अष्टम उरांव खेल विभाग द्वारा संचालित आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, हजारीबाग की पूर्व प्रशिक्षु रह चुकी हैं। हजारीबाग में प्रशिक्षण के बाद उन्होंने गुमला में भी अभ्यास जारी रखा। वर्तमान में वह ईस्ट बंगाल एकेडमी टीम से खेल रही हैं। इससे पहले वह वर्ष 2022 में आयोजित अंडर-17 महिला फुटबॉल विश्व कप में भारतीय टीम की कप्तान भी रह चुकी हैं।
एशियन कप में भारत को ग्रुप ‘सी’ में जापान, वियतनाम और चाइनीज ताइपेई के साथ रखा गया है। भारत अपना पहला मैच 4 मार्च को पर्थ रेक्टेंगुलर स्टेडियम में वियतनाम के खिलाफ खेलेगा। दूसरा मुकाबला 7 मार्च को इसी मैदान पर जापान के विरुद्ध होगा। तीसरा मैच 10 मार्च को वेस्टर्न सिडनी स्टेडियम, ऑस्ट्रेलिया में चाइनीज ताइपेई के खिलाफ खेला जाएगा।
अष्टम उरांव के भारतीय टीम में चयन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, खेल मंत्री सुदीब्य कुमार सोनू, खेल सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक आसिफ इकराम, खेल उपनिदेशक राजेश कुमार, झारखंड ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. मधुकांत पाठक, झारखंड फुटबॉल संघ के गुलाम रब्बानी सहित कई खेल अधिकारियों, कोचों और राज्य के खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
No Comment! Be the first one.