News Saga Desk
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव–2025 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी अब संगठनात्मक समीक्षा और आभार प्रकट करने की व्यापक पहल शुरू करने जा रही है। पार्टी 8, 9 और 10 दिसंबर को मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, पटना और पूर्णिया में क्षेत्रवार बैठकों का आयोजन करेगी। इन बैठकों में चुनावी प्रदर्शन का विश्लेषण और आगामी राजनीतिक व संगठनात्मक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा होगी।
भाजपा प्रदेश कार्यालय के अनुसार, बैठकों में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ तिवारी सहित शीर्ष पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। संबंधित क्षेत्रों के क्षेत्रीय प्रभारी, जिला अध्यक्ष, महामंत्री, विधानसभा प्रभारी और संयोजक भी इसमें शामिल होंगे।
बैठकों का कार्यक्रम
- 8 दिसंबर: मिथिला और तिरहुत की बैठक—मुजफ्फरपुर पश्चिमी जिला कार्यालय
- 8 दिसंबर: चंपारण और सारण की बैठक—मोतिहारी जिला कार्यालय
- 9 दिसंबर: मगध, शाहाबाद, पटना, मुंगेर, बेगूसराय और नालंदा—भाजपा प्रदेश कार्यालय
- 10 दिसंबर: भागलपुर, कोसी और सीमांचल—पूर्णिया जिला कार्यालय
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव में राजग ने कुल 202 सीटें हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। इनमें भाजपा 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। जदयू ने 85, लोजपा-आर ने 19, हम ने 5 और रालोमो ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की।
No Comment! Be the first one.