News Saga Desk
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में हुए हवाई हमले ने भारी तबाही मचा दी। हमले के बाद सामने आए वीडियो में एक ड्रग रिहैबिलिटेशन अस्पताल में जोरदार विस्फोट के बाद आग की लपटें उठती दिखाई दीं, जबकि घना धुआं आसमान तक फैल गया।
राहत और बचाव दल अंधेरे में टॉर्च की रोशनी के सहारे घायलों और मृतकों को बाहर निकालते नजर आए।
400 मौतों का दावा, 250 घायल
अफगान तालिबान के प्रवक्ता के मुताबिक, इस हमले में करीब 400 लोगों की मौत हुई है, जबकि 250 लोग घायल बताए जा रहे हैं। अफगान प्रशासन ने इसे अब तक का सबसे घातक हमला करार दिया है।
बताया गया कि हमला स्थानीय समयानुसार रात करीब 9 बजे 2,000 बिस्तरों वाले अस्पताल पर हुआ।
अफगान सरकार ने पाकिस्तान पर लगाए गंभीर आरोप
अफगान सरकार ने इस हमले के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया है कि नागरिक ठिकानों और अस्पतालों को निशाना बनाया गया।
तालिबान प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने इस घटना को “मानवता के खिलाफ अपराध” बताया और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पाकिस्तान ने आरोपों से किया इनकार
वहीं पाकिस्तान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मुशर्रफ जैदी ने कहा कि काबुल के किसी भी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया।
सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने स्पष्ट किया कि हवाई कार्रवाई केवल काबुल और नंगरहार प्रांत में स्थित सैन्य ठिकानों को लक्ष्य बनाकर की गई थी।
हमले के बाद भय और तनाव का माहौल
अस्पताल पर हुए इस हमले के बाद काबुल में भय और तनाव का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं।
घटना को लेकर अंतरराष्ट्रीय संगठनों और मानवाधिकार समूहों ने भी चिंता जताते हुए इसकी निंदा की है।
No Comment! Be the first one.