News Saga Desk
पलामू में दिसंबर के आखिरी सप्ताह की शुरुआत के साथ ही नए साल के स्वागत की तैयारियां तेज हो गई हैं। लोग पिकनिक और जश्न मनाने के लिए विभिन्न पर्यटन और प्राकृतिक स्थलों की ओर रुख कर रहे हैं। इसी को देखते हुए पलामू पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और कई स्तरों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
बीते वर्ष नए साल के जश्न के दौरान पलामू में हुए सड़क हादसों में सात से अधिक लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इन घटनाओं से सबक लेते हुए पुलिस ने इस बार एहतियातन सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
पुलिस ने पिकनिक स्पॉट के साथ-साथ प्रमुख सड़कों पर भी अतिरिक्त बल की तैनाती की है। नए साल के मौके पर लोग अक्सर नदियों, झीलों और तालाबों के किनारे जश्न मनाने पहुंचते हैं। इस साल अच्छी बारिश के कारण कई जल स्रोत भरे हुए हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए चेतावनी जारी की है।
पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि जल स्रोतों में पानी का स्तर अधिक होने के कारण पिकनिक मनाने वालों को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील इलाकों और पिकनिक स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही, ड्रिंक एंड ड्राइव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पलामू क्षेत्र में केचकी संगम, कोयल और सोन नदियों के किनारे समेत कई लोकप्रिय पिकनिक स्थल हैं, जहां झारखंड के साथ-साथ बिहार से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। पुलिस ने ऐसे कई ब्लैक स्पॉट भी चिन्हित किए हैं, जहां अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, ताकि नए साल के जश्न के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
No Comment! Be the first one.