News Saga Desk
पटना: अनंत सिंह ने जेल से रिहा होने के बाद मंगलवार को जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। मोकामा विधानसभा सीट से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधायक अनंत सिंह ने करीब 50 किलोमीटर लंबा मेगा रोड शो निकाला, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए।
खुद को बताया निर्दोष
रोड शो के दौरान मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने दुलारचंद यादव हत्याकांड में खुद को निर्दोष बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है और घटना के दिन वह घटनास्थल से लगभग चार किलोमीटर दूर थे।
समर्थकों में दिखा जबरदस्त उत्साह
रिहाई के बाद अनंत सिंह समर्थकों के काफिले के साथ मोकामा से बड़हिया के लिए रवाना हुए। इस दौरान पूरे रास्ते समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह उनका स्वागत किया गया और नारेबाजी के बीच रोड शो आगे बढ़ता रहा।
चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान
बड़हिया रवाना होने से पहले अनंत सिंह ने साफ किया कि वह आगे कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अब उनके बेटे चुनावी मैदान में उतरेंगे और जनता के बीच काम करेंगे। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं के उत्साह को लेकर भरोसा जताया कि पार्टी और समर्थकों में जोश बरकरार रहेगा।
चुनाव के दौरान हुई थी गिरफ्तारी
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड में गिरफ्तार किया गया था। जेल में रहते हुए ही उन्होंने चुनाव लड़ा और वीणा देवी को हराकर जीत हासिल की थी।
रिहाई पर समर्थकों ने मनाया जश्न
सोमवार को बेऊर जेल से रिहाई की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक जेल के बाहर जुट गए थे। बाहर आने के बाद अनंत सिंह अपने पटना स्थित आवास पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान समर्थकों ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया।
No Comment! Be the first one.