News Saga Desk
2007 में आई फिल्म ‘अपने’ में धर्मेंद्र, सनी देओल और बॉबी देओल की तिकड़ी ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। फिल्म की सफलता के बाद इसके सीक्वल की घोषणा नवंबर 2020 में हुई थी। अगस्त 2025 में यह भी सामने आया था कि ‘अपने 2’ की स्क्रिप्ट पूरी तरह तैयार है और फिल्म पर काम आगे बढ़ रहा था।
लेकिन धर्मेंद्र के निधन ने इस प्रोजेक्ट को बड़ा झटका दिया है। निर्देशक अनिल शर्मा, जो धर्मेंद्र के बेहद करीब रहे हैं, ने खुलासा किया कि वे फिल्म पर काम शुरू कर चुके थे लेकिन अब उन्हें आगे बढ़ पाना लगभग असंभव लग रहा है। उनके अनुसार, ‘अपने’ अपनेपन के बिना संभव नहीं और धर्मेंद्र के बिना यह फिल्म बन ही नहीं सकती। उन्होंने कहा कि कुछ सपने अधूरे ही रह जाते हैं और यह भी शायद उन्हीं में से एक है।
अनिल शर्मा ने धर्मेंद्र से अपनी आखिरी मुलाकात का ज़िक्र करते हुए बताया कि कुछ महीने पहले अभिनेता ने उनसे एक अच्छी कहानी लाने की बात कही थी, क्योंकि उन्हें फिर से कैमरे के सामने लौटना था— वो कैमरा जिसे वह अपनी महबूबा कहते थे। निर्देशक ने शूटिंग के दिनों को याद करते हुए बताया कि धर्मेंद्र की लोकप्रियता इतनी थी कि सेट पर हजारों लोग उन्हें देखने पहुंच जाया करते थे।
धर्मेंद्र और अनिल शर्मा का रिश्ता दशकों पुराना रहा है। दोनों ने ‘हुकूमत’, ‘इलान-ए-जंग’, ‘फरिश्ते’ और ‘तहलका’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया। बाद में उन्होंने देओल भाइयों के साथ ‘अपने’ बनाई, जो दर्शकों के दिलों में आज भी एक भावुक फिल्म के रूप में याद की जाती है।
No Comment! Be the first one.