News Saga Desk
धनबाद: झारखंड में साइबर ठगों की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। इस बार साइबर अपराधियों ने धनबाद के उपायुक्त (डीसी) आदित्य रंजन के नाम और प्रोफाइल फोटो का दुरुपयोग करते हुए फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर ठगी का प्रयास किया। ठग ने इस फर्जी अकाउंट के जरिए न केवल प्रशासनिक अधिकारियों, बल्कि आम लोगों को भी संदेश भेजे। मामले का खुलासा होते ही पुलिस को इसकी सूचना दी गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों को बनाया गया निशाना
पुलिस सूत्रों के अनुसार, साइबर ठग ने +84 946654020 नंबर से डीसी आदित्य रंजन के नाम पर फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाया। इसके बाद उसने डीसी के अधीन कार्यरत अधिकारियों को संदेश भेजकर पैसों की मांग करने की कोशिश की। ठग यहीं नहीं रुका, बल्कि डीसी बनकर आम लोगों को भी मैसेज भेजकर दबाव बनाने और ठगी करने का प्रयास किया।
पुलिस को दी गई सूचना, जांच शुरू
जैसे ही यह मामला सामने आया, प्रशासन ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने फर्जी अकाउंट और संबंधित नंबर की जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल भी मामले में जुट गई है, ताकि ठग की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।
डीसी की अपील: सतर्क रहें, संदिग्ध संदेशों से बचें
धनबाद के डीसी आदित्य रंजन ने आम जनता और प्रशासनिक अधिकारियों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी अनधिकृत नंबर या सोशल मीडिया अकाउंट से कॉल, मैसेज या पैसों की मांग की जाती है, या किसी तरह का संदिग्ध लिंक भेजा जाता है, तो उसे तुरंत ब्लॉक करें और संबंधित प्लेटफॉर्म पर रिपोर्ट करें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी संदिग्ध मैसेज या लिंक पर क्लिक न करें और ऐसे मामलों की तुरंत सूचना प्रशासन या पुलिस को दें।
No Comment! Be the first one.