“गौरैया लौटेंगी तो सुबह मुस्कुराएगी” थीम पर रांची में जागरूकता कार्यक्रम

News Saga Desk

रांची। विश्व गौरैया दिवस के अवसर पर राजधानी रांची में वन विभाग द्वारा एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “गौरैया लौटेंगी तो सुबह मुस्कुराएगी” थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और गौरैया के पर्यावरणीय महत्व के बारे में जानकारी हासिल की।

कार्यक्रम में उपस्थित डीएफओ श्रीकांत वर्मा ने बताया कि यह आयोजन तीन दिनों तक—20, 21 और 22 मार्च—चलेगा। उन्होंने कहा कि 21 मार्च को अंतरराष्ट्रीय वन दिवस और 22 मार्च को विश्व जल दिवस मनाया जाता है। ये तीनों दिवस पर्यावरण संरक्षण के साझा उद्देश्य से जुड़े हुए हैं, इसी कारण इन्हें एक साथ जोड़कर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

कला और जागरूकता के माध्यम से संरक्षण का संदेश

इस आयोजन में गौरैया के साथ-साथ छोटे वन्य जीवों के संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान देश-विदेश से आए कलाकारों द्वारा लाइव पेंटिंग और विभिन्न कलाकृतियां तैयार की जा रही हैं, जिन्हें बाद में प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया जाएगा।

वन विभाग की इस पहल का उद्देश्य कला और साहित्य के माध्यम से लोगों को यह संदेश देना है कि गौरैया और अन्य छोटे जीवों का संरक्षण पर्यावरण संतुलन के लिए अत्यंत आवश्यक है। यह कार्यक्रम न केवल जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बन रहा है, बल्कि लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए भी प्रेरित कर रहा है।

Read More News

Read More