News Saga Desk
रांची। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने एक बार फिर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य विभाग को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एचआईवी संक्रमित खून चढ़ाए जाने के कारण प्रभावित बच्चे न केवल शारीरिक रूप से, बल्कि मानसिक और सामाजिक प्रताड़ना का भी सामना कर रहे हैं।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि एक ओर स्वास्थ्य मंत्री हिजाब-नकाब देखकर नौकरी देने जैसे बयान दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनके ही विभाग की गंभीर लापरवाही के चलते मासूम बच्चे जीवन और मृत्यु के संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन बच्चों को संरक्षण, इलाज और सम्मान मिलना चाहिए, उन्हें तिरस्कार और अमानवीय व्यवहार झेलना पड़ रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने अधिकारियों पर भी तीखा प्रहार करते हुए कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था का नैतिक पतन इस स्तर तक पहुंच चुका है कि अधिकारी केवल मुख्यमंत्री के आदेशों का पालन करते हैं, जबकि बाकी समय लूट-खसोट और निजी स्वार्थ साधने में लगे रहते हैं।
उन्होंने चाईबासा के उपायुक्त से मामले का संज्ञान लेने और प्रभावित बच्चों को तत्काल चिकित्सा सहायता, संरक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इस संवेदनशील मामले में जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
No Comment! Be the first one.