News Saga Desk
रांची : नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने खूंटी में आदिवासी नेता एवं पड़हा राजा सोमा मुंडा की निर्मम हत्या को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने बयान में उन्होंने कहा कि सोमा मुंडा की नृशंस हत्या से वे बेहद मर्माहत हैं।
मरांडी ने कहा कि मौजूदा सरकार के शासनकाल में आदिवासी समाज को लगातार निशाना बनाया जाना बेहद चिंताजनक है और यह राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से बदहाल हो चुकी है।
नेता प्रतिपक्ष ने यह भी कहा कि सरकार आम जनता, खासकर आदिवासी समाज को सुरक्षा देने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने खूंटी पुलिस से इस जघन्य हत्याकांड में शामिल सभी दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी करने और उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
No Comment! Be the first one.