बारामती विमान हादसा: पीएम मोदी समेत देशभर के नेताओं ने अजीत पवार के निधन पर जताया शोक

News Saga Desk

महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान हादसे में राज्य के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश साझा करते हुए लिखा कि बारामती में हुए दुखद विमान हादसे से वे अत्यंत दुखी हैं। उन्होंने हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि इस कठिन समय में ईश्वर उन्हें शक्ति और साहस प्रदान करे।

पीएम मोदी ने दिवंगत अजीत पवार के साथ अपनी दो तस्वीरें भी साझा कीं। उन्होंने लिखा कि अजीत पवार एक जननेता थे, जिनका जमीनी स्तर पर मजबूत जुड़ाव था। वे महाराष्ट्र के लोगों की सेवा के लिए हमेशा अग्रणी रहे और एक परिश्रमी व्यक्तित्व के रूप में व्यापक रूप से सम्मानित थे। प्रशासनिक मामलों की उनकी गहरी समझ और गरीबों-वंचितों को सशक्त बनाने का उनका जुनून प्रशंसनीय था। उनका असमय निधन अत्यंत चौंकाने वाला और दुखद है।

अमित शाह ने जताया गहरा दुख

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनडीए के वरिष्ठ साथी अजीत पवार के निधन की सूचना से उनका मन व्यथित है। अमित शाह ने कहा कि अजीत पवार ने साढ़े तीन दशकों तक महाराष्ट्र के हर वर्ग के कल्याण के लिए खुद को समर्पित किया। उन्होंने इस क्षति को एनडीए और अपने लिए व्यक्तिगत नुकसान बताया और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

प्रियंका गांधी ने की सुप्रिया सुले से बातचीत

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी विमान हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में हुई भीषण विमान दुर्घटना में उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और अन्य लोगों के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। उन्होंने शरद पवार, सुप्रिया सुले और पूरे परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की। प्रियंका गांधी ने इस दौरान सुप्रिया सुले से फोन पर बातचीत भी की।

एकनाथ शिंदे ने बताया काला दिन

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना (शिंदे गुट) के प्रमुख एकनाथ शिंदे ने अजीत पवार के निधन को महाराष्ट्र के लिए काला दिन बताया। उन्होंने कहा कि यह क्षति केवल पवार परिवार की नहीं, बल्कि पूरे राज्य की है। शिंदे ने कहा कि अजीत पवार समय के पाबंद और अनुशासित नेता थे, जिनसे राजनीति और प्रशासनिक मामलों में बहुत कुछ सीखने को मिला। उन्होंने हादसे की विस्तृत जांच की मांग करते हुए कहा कि वे देवेंद्र फड़णवीस के साथ बारामती जाएंगे।

 

Read More News

मानगो नगर निगम मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भरा नामांकन

मानगो नगर निगम से मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने मंगलवार को अपना...

Read More