Bettiah News: सीएम नीतीश कुमार वाल्मीकिनगर दौरे पर, 1100 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास आज

News Saga Desk

बगहा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार की सुबह 10.30 बजे वाल्मीकिनगर पहुंचे। यहां वह कुल 141.69 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा 159 योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। साथ ही जीविका दीदी तथा थारू महिलाओं के हस्तनिर्मित सामान के साथ अन्य विभाग के स्टॉल का निरीक्षण करेंगे। 42 मिनट बाद सुबह 11.12 मिनट पर हेलीकाप्टर से बेतिया के लिए निकल जाएंगे

वाल्मीकिनगर के विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू सिंह व जदयू के जिलाध्यक्ष सह एमएलसी भीष्म सहनी ने वाल्मीकिनगर एयरपोर्ट स्थित हेलीपैड पर मुख्यमंत्री को रिसीव किया। इसके बाद वे सीधे लव कुश पार्क के शिलान्यास स्थल गए। यह पार्क 51.54 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा। जो स्थानीय लोगों के लिए पर्यटन और मनोरंजन के एक नए केंद्र के रूप में उभरेगा। 

इसके बाद मुख्यमंत्री वाल्मीकिनगर भवन परिसर स्थित कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे। जहां विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण करेंगे। वे यहां लाभुकों से सीधा संवाद भी करेंगे और सरकारी योजनाओं के प्रभाव और क्रियान्वयन की जानकारी लेंगे। योजनाओं से क्षेत्र में रोजगार, शिक्षा, आधारभूत संरचना और पर्यटन को मिलेगा बल

मुख्यमंत्री का यह दौरा 11:12 बजे समाप्त होगा। संक्षिप्त समय के बावजूद यह यात्रा कई बड़ी घोषणाओं और शिलान्यास कार्यों के कारण महत्वपूर्ण मानी जा रही है। स्थानीय विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी तैयारियां पूरी की गई हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र में रोजगार, शिक्षा, आधारभूत संरचना और पर्यटन को बल मिलेगा। स्थानीय जनता में इस दौरे को लेकर उत्साह है। मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहेंगे।

बगहा को जिला बनाने की आस फिर जागी 

बगहा को राजस्व जिला बनाने की मांग लंबे समय से उठती रही है। हर बार जब मुख्यमंत्री का दौरा इस क्षेत्र में होता है। लोगों में उम्मीदें जाग जाती है कि अबकी बार उनकी मांग पूरी हो सकती है। इस बार भी वैसा ही माहौल है। 23 सितंबर को मुख्यमंत्री वाल्मीकिनगर पहुंचने वाले हैं। उनके आगमन से पहले ही यहां के लोगों में जिला बनने की चर्चा तेज हो गई है लेकिन राजनीतिक सूत्रों के अनुसार इस कार्यक्रम में सीएम बगहा को जिला बनाने की घोषणा नहीं करेंगे।शिलान्यास व अन्य कार्यक्रमों के बाद वे बेतिया के लिए निकल जाएंगे।

बगहा क्षेत्र के लोग वर्षों से यह मांग करते आ रहे हैं कि इसे अलग जिला का दर्जा दिया जाए। भूगोल, जनसंख्या और प्रशासनिक दृष्टिकोण से भी कई बार यह बात उठ चुकी है कि बगहा को जिला बनाया जाना चाहिए। यहां के स्थानीय नेताओं से लेकर सामाजिक संगठनों तक, सब इस मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद करते रहे हैं। मुख्यमंत्री जब भी इस इलाके में आते हैं, लोगों की नजरें उन पर टिकी रहती हैं। वे उम्मीद करते हैं कि अब की बार कोई ठोस घोषणा होगी।

खासकर ऐसे समय में, जब बिहार विधानसभा चुनाव में कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। मुख्यमंत्री का दौरा राजनीतिक दृष्टिकोण से भी अहम माना जा रहा है। लोगों का मानना है कि चुनावी माहौल में सरकार इस लंबे समय से लंबित मांग पर कोई निर्णय ले सकती है। स्थानीय लोग कहते हैं कि बगहा को जिला बनाए जाने से प्रशासनिक कामकाज आसान होगा और विकास की रफ्तार तेज होगी। फिलहाल लोगों की निगाहें मुख्यमंत्री के दौरे पर टिकी हैं और उम्मीद यही है कि वर्षों पुरानी मांग अब पूरी हो।


Read More News

Read More