बिहार विधानसभा शीतकालीन सत्र 2025, शपथ ग्रहण में विधायकों की अटकलें और सौहार्द्र के पल

News Saga Desk

बिहार विधानसभा के 18वें सत्र के पहले शीतकालीन सत्र में सोमवार को शपथ ग्रहण समारोह रंगारंग और चर्चा योग्य घटनाओं से भरा रहा। नवनिर्वाचित विधायकों ने प्रोटेम स्पीकर नरेंद्र नारायण यादव के सामने शपथ ली, लेकिन कुछ नेताओं को इसे पढ़ने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

शपथ में अटके विधायक
नवादा से जदयू की विधायक विभा देवी शपथ पत्र पढ़ते समय बार-बार रुकती रहीं। कई शब्दों का सही उच्चारण न कर पाने के कारण उन्होंने पास बैठी विधायक मनोरमा देवी की मदद ली और अंततः टूट-फूटे अंदाज में शपथ पूरी की। उनके इस अंदाज ने सदन में हंसी और चर्चा दोनों का माहौल बना दिया।

गलत शपथ पढ़ीं रेणु देवी
बेतिया से बीजेपी विधायक और पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने शपथ गलत तरीके से पढ़ी। प्रोटेम स्पीकर ने उन्हें तुरंत सही ढंग से शपथ दिलाई।

सौहार्द्रपूर्ण राजनीतिक क्षण
शपथ ग्रहण के दौरान सदन में कुछ अनोखे और सौहार्द्रपूर्ण पल भी देखने को मिले। मंत्री सम्राट चौधरी की शपथ के समय नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव खड़े होकर उनका अभिवादन करते नजर आए और बाद में दोनों ने हाथ मिलाया।

डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और बाद में तेजस्वी यादव से गले मिलकर सदन का माहौल सौहार्द्रपूर्ण बना दिया। इसी दौरान नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव के बीच हल्की-फुल्की बातचीत भी हुई। रामकृपाल यादव ने भी तेजस्वी यादव से गले मिलकर सदन में कुछ पल के लिए गर्मजोशी और भाईचारा का संदेश दिया।

आगामी कार्यक्रम:

  • 2 दिसंबर: विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव
  • 3 दिसंबर: राज्यपाल का दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधन
  • 4 दिसंबर: राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा और सरकार का जवाब
  • 5 दिसंबर: द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी पर चर्चा

Read More News

Read More