News Saga Desk
पटना: बिहार में इस वर्ष अप्रैल से जून के बीच भीषण गर्मी और लू चलने की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने इस संबंध में एक उच्चस्तरीय बैठक कर विभिन्न विभागों के साथ एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण (PHED), परिवहन, ऊर्जा, शिक्षा, नगर विकास एवं आवास और मौसम विभाग सहित 10 विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अप्रैल के मध्य से लेकर मई-जून तक हीट वेव की स्थिति बन सकती है।
कई जिलों में तापमान पहले ही 30 डिग्री पार
मुख्य सचिव ने बताया कि कम वर्षा के कारण नालंदा, गया और रोहतास जैसे जिलों में अभी से तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच चुका है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना है।
10 विभागों को सख्त निर्देश, पानी और स्वास्थ्य व्यवस्था पर जोर
सरकार ने सभी विभागों को पहले से तैयार मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार तत्काल काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
नगर विकास एवं आवास विभाग को बस स्टैंड, बाजार, चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। आवश्यकता पड़ने पर पानी के टैंकरों की व्यवस्था भी की जाएगी।
साथ ही, सभी पेयजल पाइपलाइनों की मरम्मत और पर्याप्त संख्या में पानी के टैंकर उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट, ORS और इलाज की व्यवस्था जरूरी
स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया गया है कि अप्रैल की शुरुआत से पहले सभी सिविल सर्जन और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों की बैठक आयोजित की जाए।
हर स्वास्थ्य केंद्र पर ORS की उपलब्धता सुनिश्चित करने और लू से प्रभावित मरीजों के इलाज की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया है।
अगले पांच दिनों में तापमान में बड़ा बदलाव नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है।
हालांकि, मंगलवार को उत्तर-मध्य और पूर्वी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और वज्रपात के आसार हैं, वहीं शाम के समय तेज हवा चल सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान किशनगंज के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई है।
No Comment! Be the first one.