News Saga Desk
बिहार में नई सरकार के गठन के साथ ही पुलिस ने अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। छपरा के मांझी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और शराब तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें कुख्यात तस्कर अजय राय गोली लगने से घायल हो गया और पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
दुर्गा घाट पर हुई भिड़ंत, पैर में गोली लगने के बाद पकड़ा गया अजय राय
पुलिस के अनुसार, अजय राय नदी के रास्ते शराब की बड़ी खेप लेकर मांझी के दुर्गा घाट पर उतर रहा था। गुप्त सूचना पर पुलिस पहले से घेराबंदी कर चुकी थी। जैसे ही तस्कर घाट पर पहुंचे, उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने अजय राय के पैर में गोली मारी और उसे काबू कर लिया। उसे तुरंत छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौके से हथियार और कारतूस बरामद, एक तस्कर ने किया सरेंडर
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने क्षेत्र से
- दो देसी कट्टा,
- चार जिंदा कारतूस,
- दो खोखे बरामद किए।
फायरिंग की आवाज सुनकर दूसरा तस्कर सुकेश कुमार डर के मारे मौके पर ही सरेंडर कर गया।
गृह मंत्री सम्राट चौधरी के कार्यभार संभालने के बाद बिहार में यह 12 दिनों के भीतर तीसरा एनकाउंटर है, जिससे सरकार की सख्त नीति साफ दिखाई दे रही है।
नाव से हो रही थी शराब की भारी तस्करी
मुठभेड़ रात करीब 1 बजे हुई। पुलिस सूत्रों का कहना है कि दोनों तस्कर नाव से बड़ी मात्रा में शराब लेकर मांझी क्षेत्र में प्रवेश कर रहे थे।
थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दुर्गा घाट के आसपास पहले ही जाल बिछा दिया था। नाव के किनारे लगते ही तस्करों ने पुलिस को देखते ही गोली चला दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर को घायल कर गिरफ्तार कर लिया।
तस्करी नेटवर्क की जांच तेज, बिहार-यूपी कनेक्शन की आशंका
पुलिस अब गिरफ्तार दोनों तस्करों से पूछताछ कर रही है। आशंका है कि यह खेप बिहार-यूपी सीमा पर सक्रिय बड़े गिरोहों से जुड़ी हो सकती है।
टीम यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसका सप्लाई नेटवर्क कितना बड़ा है। पिछले कुछ महीनों में मांझी इलाके में शराब तस्करी के मामलों में तेजी आई है और सरकार बदलने के बाद पुलिस लगातार अभियान जारी रखे हुए है।
No Comment! Be the first one.