News Saga Desk
पटना: बिहार की राजनीति इन दिनों तेज़ी से बदलते घटनाक्रमों के बीच नई दिशा लेती दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलों के बीच अब उनके बेटे निशांत कुमार भी अचानक राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय नजर आ रहे हैं। पटना में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर निशांत कुमार ने पार्टी के करीब 24 विधायकों के साथ बैठक की। इस बैठक में कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। राजनीतिक गलियारों में इसे आने वाले समय में संभावित बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
संजय झा के आवास पर हुई विधायकों की बैठक
जानकारी के अनुसार, इस बैठक में जदयू के लगभग दो दर्जन विधायक शामिल हुए। परिवहन मंत्री श्रवण कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता भी बैठक में मौजूद रहे। बैठक के दौरान पार्टी की आगे की रणनीति और बिहार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की गई। इस दौरान निशांत कुमार की मौजूदगी को लेकर भी काफी चर्चा रही।
10 से 14 मार्च के बीच दे सकते हैं इस्तीफा
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 से 14 मार्च के बीच अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। राज्यसभा के लिए संभावित नामांकन को लेकर भाजपा और जदयू के बीच नए मुख्यमंत्री के चयन पर लगातार बातचीत चल रही है। इसी बीच शनिवार को नीतीश कुमार अपने गृह जिला नालंदा के बख्तियारपुर जाएंगे, जहां वे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
सीएम आवास की बैठक में भावुक हुआ माहौल
मुख्यमंत्री आवास पर भी जदयू के विधायकों और मंत्रियों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान कई विधायकों ने नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले का विरोध किया। जदयू विधायक विजय कुमार चौधरी के अनुसार, बैठक के दौरान माहौल काफी भावुक हो गया था। विधायकों ने उनसे अपना फैसला वापस लेने की अपील की, लेकिन मुख्यमंत्री अपने निर्णय पर कायम रहे।
बैठक में नीतीश कुमार ने विधायकों से कहा, “विरोध मत करिए, मैं राज्यसभा जा रहा हूं। वहां से भी सब देखता रहूंगा।”
विधायकों ने निशांत को राजनीति में लाने का दिया प्रस्ताव
बैठक में मौजूद कई विधायक भावुक हो गए और कुछ ने रोते हुए मुख्यमंत्री से अपना फैसला वापस लेने की अपील भी की। इसी दौरान विधायकों ने निशांत कुमार को सक्रिय राजनीति में लाने के प्रस्ताव पर हाथ उठाकर सहमति भी जताई।
8 मार्च को जदयू जॉइन कर सकते हैं निशांत
सूत्रों के अनुसार निशांत कुमार 8 मार्च को औपचारिक रूप से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में शामिल हो सकते हैं। हालांकि मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक में निशांत कुमार खुद मौजूद नहीं थे। इस बीच जदयू के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने स्पष्ट कहा कि नीतीश कुमार की इच्छा के खिलाफ कोई भी फैसला नहीं लिया जाएगा।
No Comment! Be the first one.