बिहार SIR: दरभंगा में 655 फर्जी वोटर होने का BJP BLA का आरोप, चुनाव आयोग ने दी सफाई

News Saga Desk

पटना। बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत चुनाव आयोग ने आम लोगों से दावा-आपत्ति मांगी है। इसी प्रक्रिया के दौरान दरभंगा विधानसभा क्षेत्र से 655 डुप्लीकेट वोटरों की शिकायत सामने आई है। यह मामला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) लक्ष्मण कुमार ने उठाया है। उन्होंने जिला निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है।

लक्ष्मण कुमार का कहना है कि उन्हें मतदाता सूची में कई ऐसे नाम मिले हैं, जो दो या उससे अधिक जगहों पर दर्ज हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्होंने इस बाबत जिला पदाधिकारी (डीएम) को पत्र भेजा है और चुनाव आयोग को विस्तृत सूची भी सौंपी है। उनका दावा है कि इनमें से ज्यादातर डुप्लीकेट वोटर अल्पसंख्यक समुदाय से हैं।
इस पूरे मामले में चुनाव आयोग की ओर से प्रतिक्रिया आई है। दरभंगा के डीएम सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी कौशल कुमार ने जानकारी दी कि लक्ष्मण कुमार द्वारा 10 अगस्त को 655 डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची सौंपी गई थी, लेकिन यह दावा निर्धारित प्रारूप (फॉर्म-7) में नहीं किया गया था। इसलिए इसे आयोग ने सामान्य शिकायत मानते हुए संज्ञान लिया है।
चुनाव आयोग के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बीएलए द्वारा दी गई सूची में जिन नामों का जिक्र किया गया है, वे 1 अगस्त 2025 को जारी एसआईआर ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में सही नहीं पाए गए हैं। हालांकि, आयोग ने मामले की गहराई से जांच कराने की बात कही है और स्पष्ट किया है कि यदि कहीं भी दोहरी प्रविष्टि (डबल एंट्री) मिलती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि दरभंगा विधानसभा क्षेत्र को भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता है, जहां से वर्तमान में मंत्री संजय सरावगी विधायक हैं। वे चार बार लगातार इस सीट से चुनाव जीत चुके हैं। हालांकि, हालिया चुनावों में उन्हें राजद से कड़ी टक्कर मिलती रही है। क्षेत्र में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या भी निर्णायक मानी जाती है।


Read More News

Read More