देश के लिए कुर्बान हुए बिहार के BSF जवान, आतंकी मुठभेड़ में हुए थे घायल 

News Saga Desk

नालंदा। बिहार के नालंदा के बिंद थाना क्षेत्र के उतरथु गांव के रहने वाले बीएसएफ जवान सिकंदर राउत जम्मू-कश्मीर में देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए। पाकिस्तान की ओर से हुई गोलीबारी और आतंकी मुठभेड़ में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। सिकंदर राउत इस समय कुपवाड़ा में तैनात थे। उनके शहीद होने की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। गांव में मातम का माहौल है, और परिजन सदमे में हैं।

शहीद जवान के चचेरे भाई रामरतन राउत ने बताया कि कुछ महीने पहले सिकंदर की पोस्टिंग रांची में थी। लेकिन सीमा पर हालात बिगड़ने पर उन्हें जम्मू-कश्मीर भेजा गया था। वहीं आतंकी मुठभेड़ में वो घायल हो गए थे और इलाज के दौरान शहीद हो गए। मिली जानकारी के अनुसार सिकंदर राउत की शादी 10 साल पहले हुई थी। उनके परिवार में पत्नी और 2 बेटे हैं- एक की उम्र 8 साल और दूसरे की 4 साल है। शहीद की पत्नी को सबसे पहले मोबाइल पर शहादत की सूचना मिली। उन्होंने कई बार पति के फोन पर कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

बीएसएफ के अधिकारियों ने परिवार को सूचना दी है कि 15 मई को सिकंदर राउत का पार्थिव शरीर गांव लाया जाएगा। इसके बाद उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। बिंद थाना प्रभारी चंदन कुमार सिंह और नालंदा एसपी भारत सोनी ने बताया कि उन्हें अभी तक विभागीय स्तर पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। उन्हें ग्रामीणों के माध्यम से यह खबर मिली।


Read More News

रामनवमी से पहले रांची में हाई अलर्ट, डीजीपी की बैठक में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश

राजधानी रांची में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में...

उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दौरे से पहले रांची-खूंटी में हाई अलर्ट, 22 पुलिस अधिकारी तैनात

रांची: उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 28 मार्च को प्रस्तावित रांची और खूंटी दौरे को लेकर झारखंड...

Read More