News Saga Desk
रांची: केंद्र सरकार की ओर से 1 फरवरी को पेश किए जाने वाले आम बजट को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। रांची में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने बजट और नगर निकाय चुनाव को लेकर अपने-अपने विचार रखे।
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने रांची में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेश होने वाला बजट देश के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य है कि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे और गरीब व वंचितों के चेहरे पर मुस्कान आए।
इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में पार्टी के प्रदेश कार्यालय में कोर कमेटी की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में 1 फरवरी को पेश होने वाले आम बजट के साथ-साथ आगामी नगर निकाय चुनावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के बाद पार्टी के प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा ने बताया कि भले ही नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहे हों, लेकिन भाजपा का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े उम्मीदवार चुनाव जीतें। इसके लिए कार्यकर्ताओं को वोटों के बिखराव को रोकने और समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदीप वर्मा ने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ताधारी दल धनबल के सहारे नगर निकाय चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है।
बैठक के बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने भी नगर निकाय चुनावों में राष्ट्रवादी ताकतों की जीत का संकल्प दोहराया। उन्होंने दावा किया कि यदि नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर कराए जाते, तो झारखंड मुक्ति मोर्चा को करारी हार का सामना करना पड़ता।
No Comment! Be the first one.