News Saga Desk
रांची: भारतीय जनता पार्टी महानगर जिला अध्यक्ष वरुण साहू की अध्यक्षता में रांची विधायक सीपी सिंह और हटिया विधायक नवीन जायसवाल के नेतृत्व में भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने शहर में बढ़ते अपराध और लापता बच्चों के मामलों को लेकर एसएसपी को ज्ञापन सौंपा।
अंश-अंशिका की सकुशल बरामदगी पर पुलिस की सराहना
प्रतिनिधिमंडल ने रांची के धुर्वा क्षेत्र से लापता बच्चों अंश और अंशिका की सकुशल बरामदगी को लेकर पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। भाजपा नेताओं ने इसे पार्टी के निरंतर दबाव और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता का परिणाम बताया। साथ ही, दो महीने से लापता ओरमांझी निवासी कन्हैया के मामले को भी एसएसपी के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया।
पुलिस की क्षमता पर जताया भरोसा
एसएसपी से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्हें लगातार जनता से पुलिस को लेकर फीडबैक मिलता रहता है। इसी क्रम में वे एसएसपी से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जिस तरह अंश और अंशिका मामले में पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई की और 12 बच्चों की बरामदगी के साथ एक गिरोह का पर्दाफाश किया, उससे स्पष्ट है कि पुलिस में पूरी क्षमता और संसाधन मौजूद हैं।
लापता मामलों में त्वरित कार्रवाई की मांग
नवीन जायसवाल ने पुलिस से मांग की कि लापता बच्चों और व्यक्तियों के मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को जल्द राहत मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस सक्रियता बढ़ाकर शहर में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।
No Comment! Be the first one.