News Saga Desk
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन मंगलवार को पटना पहुंचे। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली बिहार यात्रा रही। पटना एयरपोर्ट पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा समेत वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
एयरपोर्ट से निकलते ही नितिन नबीन ने पटना में आयोजित रोड शो में भाग लिया, जहां सड़कों के दोनों ओर भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। झंडे, नारेबाजी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच पूरे मार्ग पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि पार्टी के अनगिनत कार्यकर्ताओं के समर्पण से बनी भाजपा अपने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का उनकी जन्मभूमि और कर्मभूमि पर स्वागत कर रही है। उन्होंने इसे बिहार के लिए गौरव का क्षण बताया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने इस मौके को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का पहली बार बिहार आगमन कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने वाला है।
भाजपा नेता नीरज बबलू ने कहा कि पूरे राज्य से लोगों की भागीदारी ने जोश और उत्साह को नई ऊंचाई दी है, जिससे संगठन और मजबूत होगा। वहीं सांसद विवेक ठाकुर ने नितिन नबीन को कुशल संगठनकर्ता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व से पार्टी को नई गति मिलेगी।
बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव और भाजपा नेता तारकिशोर प्रसाद ने भी नितिन नबीन के स्वागत को पार्टी के लिए सकारात्मक संकेत बताया और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
No Comment! Be the first one.