17 साल बाद स्वदेश लौटे BNP के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान, ढाका में जोरदार स्वागत की तैयारी

News Saga Desk

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान 17 वर्षों के निर्वासन के बाद गुरुवार को स्वदेश लौट रहे हैं। उनका विमान सुबह करीब 11:20 बजे (स्थानीय समय) ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरेगा। उनके साथ पत्नी डॉ. जुबैदा रहमान और बेटी जाइमा रहमान भी हैं।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, तारिक रहमान लंदन से बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस की उड़ान से रवाना हुए थे। यह उड़ान ढाका पहुंचने से पहले सिलहट में ठहराव करेगी। ब्रिटेन में BNP के नेता और कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर उन्हें विदा किया। वहीं, बांग्लादेश में उनके आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

BNP की ओर से जानकारी दी गई है कि एयरपोर्ट पर पार्टी की स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य समेत वरिष्ठ नेता उनकी अगवानी करेंगे। इसके बाद ढाका के 300 फीट रोड (36 जुलाई एक्सप्रेसवे) पर एक संक्षिप्त स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा, जहां तारिक रहमान कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे।

भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन ने हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 24 घंटे के लिए आगंतुकों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। यह प्रतिबंध 24 दिसंबर शाम 6 बजे से 25 दिसंबर शाम 6 बजे तक लागू रहेगा। इस दौरान केवल वैध टिकट और पासपोर्ट वाले यात्रियों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार के प्रेस सचिव शफीकुल आलम ने कहा कि सरकार ने तारिक रहमान की देश वापसी का स्वागत किया है और BNP के साथ समन्वय कर सुरक्षा इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

ढाका पहुंचने के बाद तारिक रहमान अपनी बीमार मां और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया से एवरकेयर अस्पताल में मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वे गुलशन स्थित अपने आवास जाएंगे और हाल ही में मारे गए युवा नेता उस्मान हादी की कब्र पर भी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

बांग्लादेशी मीडिया के मुताबिक, तारिक रहमान 27 दिसंबर को मतदाता के रूप में पंजीकरण भी कराएंगे और राष्ट्रीय पहचान पत्र से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करेंगे। आगामी 12 फरवरी को प्रस्तावित संसदीय चुनावों के लिए खालिदा जिया और तारिक रहमान के नामांकन पत्र पहले ही बोगुरा से एकत्र किए जा चुके हैं।

गौरतलब है कि तारिक रहमान को 2007 में कार्यवाहक सरकार के दौरान गिरफ्तार किया गया था। करीब 18 महीने जेल में रहने के बाद वे 2008 में इलाज के लिए ब्रिटेन चले गए थे और तभी से लंदन में रह रहे थे। बदले राजनीतिक हालात और शेख हसीना सरकार के सत्ता से हटने के बाद अब उनकी वापसी को बांग्लादेश की राजनीति में एक बड़े घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।

Read More News

मानगो नगर निगम मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भरा नामांकन

मानगो नगर निगम से मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने मंगलवार को अपना...

Read More